ट्विशा शर्मा मौत मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
शनिवार देर रात चोर रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और वकील समर्थ सिंह के घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 28, 2026 at 4:23 PM IST
|Updated : June 28, 2026 at 5:03 PM IST
भोपाल: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का घर एक बार फिर सुर्खियों में है. शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की चार्ली वाहन की टीम को संदिग्ध गतिविधि दिखाई पड़ी. पुलिस ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो वे चोरी का सामान मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. अब पुलिस सीसीटीवी फोटोज़ की जाँच मे जुट गई है.
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
भोपाल के कटारा हिल्स थाना इलाके के बाग मुगलिया मे रहने वाली रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर शनिवार की चोरों ने धावा बोल दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पूरे घर की बारीकी से जांच की. पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

घर से क्या सामान चोरी हुआ, पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश घर से क्या-क्या सामान निकाल ले गए और वारदात में कितने लोग शामिल थे. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
इधर एसीपी डॉ. रजनीश कश्यप ने बताया कि गिरिबाला सिंह के बेटे सिद्धार्थ सिंह नीचे वाले रूम मे सोने चले गए. देर रात चोरों ने उनके घर मे प्रवेश किया. अभी ये जाँच की जा रही है कि उनके घर से क्या सामान चोरी हुआ है? सीसीटीवी फुटेज़ देखे जा रहे हैं. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

बता दें कि चर्चित ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह अभी जेल मे बंद हैं. उनके घर पर उनका बेटा सिद्धार्थ सिंह ही अकेला रह रहा है. इस चोरी की घटना ने पुलिस की रात्रि गस्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है. पुलिस अब चोरो का पता लगाने मे जुटी हुई है.

