कानपुर के जुड़वा भाईयों का कमाल; मलेशिया में हुए डॉर्ट्स चैंपियनशिप में जीता ब्रांज मेडल
राहुल गुप्ता ने बताया कि डॉर्ट्स चैंपियनशिप का नेशनल मुकाबला कानपुर में 31 जनवरी और 01 फरवरी को हुआ था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 8:10 AM IST
कानपुर: कहा जाता है कि अगर आपके अंदर हुनर और प्रतिभा है, तो उसके सामने हर बाधा बौनी बन जाती है. इस बात को कानपुर के दामोदर नगर निवासी जुड़वां भाई रोहित और राहुल गुप्ता ने साबित कर दिखाया है.
मलेशिया में हुई डार्ट्स चैंपियनशिप में 12 देशों से आए 247 खिलाड़ियों के बीच इन दोनों भाइयों ने ब्रांज मेडल हासिल किया है. अब अगस्त में मैनचेस्टर (UK) में फाइनल मुकाबला होगा, जिसके लिए दोनों फिर से अपना अभ्यास शुरू कर चुके हैं.
राहुल गुप्ता ने बताया कि डॉर्ट्स चैंपियनशिप का नेशनल मुकाबला कानपुर में 31 जनवरी और 01 फरवरी को हुआ था. इसके बाद जब हमने नेशनल में बेहतर प्रदर्शन किया, तो हमें मलेशिया जाने का मौका मिला. राहुल ने कहा कि वहां हमने नॉकआउट मुकाबले तक अपना प्रदर्शन जारी रखा. हालांकि एक साथ दोनों भाइयों के पहुंचने पर हमें ब्रांज मेडल दिया गया.
रोहित गुप्ता ने कहा डार्ट्स एक कम संसाधनों वाला, सस्ता और रोमांचक खेल है. इसमें फाइबर बोर्ड पर आपको निशाना लगाना होता है. बोर्ड में सर्कल्स बने होते हैं, उनके हिसाब से अंक दिए जाते हैं. बताया कि मलेशिया में कुल 247 खिलाड़ियों में सामान्य और दिव्यांग दोनों ही तरह के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.
नवबंर में गए थे श्रीलंका: राहुल गुप्ता ने बताया नवंबर 2025 में वह अपने भाई के साथ श्रीलंका में आयोजित पैरा क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने गए थे. वहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था.
इन दोनों भाइयों का कहना है कि वह क्रिकेट, डार्ट्स और शूटिंग में अपना शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीतना चाहते हैं. उन्होंने अपना फोकस साल 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी कर रखा है, जहां वह शूटिंग में प्रदर्शन करते दिखेंगे. इसके लिए उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं.
यह भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ दर्शन में अब नहीं होगी भाषा की दिक्कत; ऐप सिस्टम से मिलेगा सुलभ दर्शन

