ETV Bharat / state

SAVE ARAVALLI: अवैध खनन के रास्ते JCB से खाई खोदकर बंद कराए, एफआईआर भी दर्ज

जिले के जटियाणा, मालाखेड़ा, बिलंदी, रामगढ़, नाहरपुर, नौगांवा, घेघोली और राजगढ़ जैसे इलाकों से अवैध खनन के कई मामले सामने आए हैं.

Illegal Mining in Aravalli range
जेसीबी से रास्ते की खुदवाई करते हुए (Etv Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 12:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: प्रदेश की जीवनरेखा अरावली के संरक्षण के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 100 मीटर ऊंचाई की नई परिभाषा पर स्थगन आदेश जारी कर दिए, इसके बावजूद जिले में अवैध खनन लगातार चल रहा है. हालात ये हैं कि प्रशासन को इसे रोकने के लिए JCB मशीनों से पहाड़ियों तक के रास्ते खुदवाकर बंद करने पड़ रहे हैं. राज्य सरकार के अभियान के तहत अब तक जिले में अवैध खनन के 21 मामले सामने आए हैं, 9 एफआईआर दर्ज हुई हैं, 15 से अधिक ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं और कई लोग गिरफ्तार किए गए हैं.

राज्य सरकार के अवैध खनन विरोधी अभियान की जिला प्रभारी एवं एडीएम सिटी बीना मावर ने बताया कि अलवर में यह अभियान 29 दिसंबर से शुरू किया गया है, जो 15 जनवरी तक चलेगा. पुलिस, प्रशासन, राजस्व, वन, खनन और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम इस पर नजर रखे हुए है. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.

अलवर में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई (Etv Bharat Alwar)

पढ़ें: अरावली क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई, 50 वाहन जब्त, 50 लाख जुर्माना वसूला, 7 मामले दर्ज

एक दर्जन से अधिक रास्ते बंद: बगड़ तिराया थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद ने बताया कि साडोली गांव में अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर लगभग एक दर्जन स्थानों पर रास्ते बंद करवाए. उन्होंने बताया कि एक दिन पहले भी मिली सूचना पर अवैध खनन में लगे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया था. थाना क्षेत्र के बेरेका बास, जुगरावर का बास और साडोली जैसे इलाकों में भी JCB से खाई खुदवाकर पहुंच रोक दी गई है. एएसआई ने कहा कि इस कार्रवाई में स्थानीय लोगों का सहयोग भी मिल रहा है और अभी क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई गई है.

यह भी पढ़ें: खनन माफिया पर 'जीरो टॉलरेंस' : अडावली में RAC की कैंपिंग, रास्ते काटे जाएंगे

अलवर में अरावली पर संकट पुरानी समस्या: जिले में अरावली पर अवैध खनन की समस्या काफी पुरानी है. हरियाणा में खनन पर रोक के बाद यह संकट और बढ़ गया था. हाल के वर्षों में जटियाणा, मालाखेड़ा, बिलंदी, रामगढ़, नाहरपुर, नौगांवा, घेघोली और राजगढ़ जैसे इलाकों से अवैध खनन के कई मामले सामने आए हैं. प्रशासन की ओर से समय-समय पर वाहनों को जब्त करने, जुर्माना लगाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाती रही है.

भीलवाड़ा में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई: पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में वर्ष 2025 के दौरान रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है. पुलिस ने 31 दिसंबर तक 8808 टन विभिन्न अवैध खनिज (मिनरल) जब्त किए, 1086 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और परिवहन में इस्तेमाल होने वाले 1066 वाहनों को भी जब्त किए. वर्ष 2023 में 148 प्रकरण दर्ज हुए और 2634 टन अवैध सामग्री जब्त हुई. वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 267 प्रकरण और 4926 टन पर पहुंच गया. वर्ष 2025 में यह तेजी से बढ़ा और 712 प्रकरण दर्ज हुए. भीलवाड़ा के एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस इस मामले में सख्त है और यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.