ETV Bharat / state

सिरसा में ट्यूबवेल केबल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 100 से ज्यादा वारदातें कबूली

सिरसा पुलिस ने ट्यूबवेल केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपी पकड़े, पूछताछ में करीब 100 चोरी की वारदातें कबूल कीं.

Tubewell theft gang busted Sirsa
Tubewell theft gang busted Sirsa (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 24, 2026 at 10:03 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा: हरियाणा की सिरसा पुलिस ने किसानों के खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से जिले और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे. पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.

गुप्त सूचना से पकड़े गए आरोपी: सिरसा डीएसपी राज सिंह ने बताया कि "मौजू खेड़ा गांव के जगविंद्र सिंह ने शिकायत दी थी कि 14 और 15 जनवरी 2026 की रात गांव भावदीन और मौजूखेड़ा के खेतों से कई ट्यूबवेलों की केबल चोरी हो गई. इस शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने मामले को गंभीरता से लिया और सीआईए ऐलनाबाद और डिंग थाना पुलिस की टीमों का गठन किया. पुलिस टीम ने जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिरसा क्षेत्र से आरोपियों को पकड़ लिया." पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के बाद पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार, विपिन कुमार, बब्लू, दीपू और वकील उर्फ जगरूप सिंह के रूप में हुई है. सभी सिरसा के रहने वाले हैं. ये सभी आरोपी सिरसा और आसपास के इलाकों में सक्रिय थे. पुलिस का कहना है कि आरोपी रात के समय खेतों में जाकर ट्यूबवेल की केबल काट लेते थे और बाद में उसे बेच देते थे. इनकी गतिविधियों से किसानों को लगातार आर्थिक नुकसान हो रहा था और कई किसानों ने इसको लेकर शिकायतें भी की थीं.

आरोपियों ने पूछताछ में 100 से ज्यादा चोरी की वारदातें कबूली: डीएसपी राज सिंह ने बताया कि "पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब 100 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है. इनमें डिंग थाना क्षेत्र में 36, रानियां में 16, सदर थाना में 15, नाथूसरी चौपटा में 13, फतेहाबाद जिले में 8, हिसार के आदमपुर और अग्रोहा क्षेत्र में 5 और राजस्थान के गोगामेड़ी इलाके में करीब 7 वारदातें शामिल हैं. पुलिस अब इन वारदातों से जुड़े सबूत जुटा रही है और चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है. रिमांड के दौरान और भी मामलों का खुलासा हो सकता है."

नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की पहचान भी कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों में सुरक्षा के इंतजाम रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस का कहना है कि संपत्ति से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- अंबाला में रिसेप्शन की रात बनी खून की रात, पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, दो की हालत गंभीर

ये भी पढ़ें- 'मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है… मुझे बचा लो' , सुहानी के थे ये आखिरी शब्द, रोते हुए बोली मां