बेटे का जन्मदिन मनाने जा रहे माता-पिता को ट्रक ने कुचला, रिटायर्ड शिक्षक दंपति की दर्दनाक मौत
हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी दोनों की जान नहीं बचा सका.

Published : July 9, 2026 at 4:25 PM IST
बूंदी: बेटे का जन्मदिन मनाने की खुशियां लेकर घर से निकले माता-पिता को क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर होगा. कोटा में बेटे से मिलने और उसका जन्मदिन मनाने जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक और उनकी पत्नी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद जिस घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया. यह हादसा गुरुवार दोपहर जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास हुआ.
जन्मदिन मनाने निकले थे, लेकिन रास्ते में आ गई मौत: कापरेन निवासी 65 वर्षीय केदार लाल शर्मा अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ बाइक पर सवार होकर बेटे सुनील का जन्मदिन मनाने कोटा जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया. दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही केशवरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कापरेन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
केशवरायपाटन थाने के सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा ने बताया कि मृतक केदार लाल शर्मा कापरेन कस्बे के निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षक थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति गुरुवा को अपने बेटे के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने कोटा जा रहे थे. परिजनों के अनुसार, मृतक के दो बेटे कोटा में रहते हैं. एक बेटा मेडिकल विभाग में कार्यरत है, जबकि दूसरा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित करता है. माता-पिता के आने का इंतजार कर रहे दोनों बेटों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं.
हेलमेट भी नहीं बचा सका जान: हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी दोनों की जान नहीं बचा सका. पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर हेलमेट मिला, जिसकी बेल्ट मृतक केदार लाल शर्मा के गले में फंसी हुई थी. टक्कर के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए गुडला टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वाहन की पहचान होते ही आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

