ETV Bharat / state

दवाइयों से भरा ट्रक ले उड़े बिहार के बदमाश, ड्राइवर-खलासी को बनाया बंधक, तभी पुलिस का एक्शन

मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. हाजीपुर-जंदाहा रोड से लूटा गया दवाइयों से भरा ट्रक बरामद, अंतर-जिला गिरोह का खुलासा

TRUCK LOOT in Muzaffarpur
फकुली थाना में ट्रक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 25, 2025 at 8:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. दवाइयों से भरे ट्रक की लूट के बड़े मामले का खुलासा करते हुए अंतर-जिला अपराधी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने लूटा गया ट्रक बरामद करने के साथ-साथ ट्रक के चालक और खलासी को बदमाशों के चंगुल से मुक्त करा लिया है. यह कार्रवाई फकुली थाना क्षेत्र में की गई.

कैसे हुई थी लूट? : पुलिस के अनुसार, हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर करीब एक दर्जन बदमाशों ने दवाइयों से लदे एक कूरियर ट्रक को रोक लिया. हथियार के बल पर चालक और खलासी को बंधक बना लिया गया. इसके बाद बदमाश ट्रक को लेकर आगे बढ़े, जबकि चालक को एक लग्जरी कार में बैठाकर स्कॉर्ट किया जा रहा था और खलासी को ट्रक में ही बंधक बनाकर रखा गया.

पुलिस की सतर्कता से नाकाम हुई साजिश : लूट के बाद अपराधी मुख्य मार्ग छोड़कर ग्रामीण रास्तों से मुजफ्फरपुर की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान फकुली थाना की पुलिस टीम को एक संदिग्ध ट्रक और उसके पीछे चल रही लग्जरी कार पर शक हुआ. जब पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तो अपराधी भागने लगे.

TRUCK LOOT in Muzaffarpur
एक्शन में पुलिस (ETV Bharat)

हथियार और लग्जरी कार बरामद : पुलिस ने घेराबंदी कर एक अपराधी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे और ग्रामीण रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार अपराधी के पास से पुलिस ने दो लोडेड हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार बरामद की है. साथ ही लूटा गया ट्रक और उसमें लदी दवाइयां भी सुरक्षित जब्त कर ली गई हैं.

कई जिलों में सक्रिय है गिरोह : मुजफ्फरपुर के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि यह गिरोह वैशाली, हाजीपुर और मोतिहारी में सक्रिय एक अंतर-जिला गिरोह है. गिरफ्तार अपराधी मोतिहारी का रहने वाला है और दवा कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है. गिरोह की योजना लूटी गई दवाइयों को मोतिहारी ले जाकर खपाने की थी.

''गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल लाखों रुपये की दवाइयां बरामद की गईं, बल्कि चालक और खलासी की जान भी बचाई जा सकी.''- सुशील कुमार, एसएसपी, मुजफ्फरपुर

ये भी पढ़ें :-

बेतिया: पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक्स ट्रक लूटने वाले 5 बदमाशों को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में ट्रक से 40 लाख के सरसों तेल की लूट, खलासी को अधमरा कर सड़क किनारे फेंका

नालंदा में ट्रक की लूट बाढ़ से हुआ बरामद, ड्राइवर-खलासी को बंधक बनाकर हुई थी लूटपाट