ETV Bharat / state

हापुड़ में 225 बैग यूरिया जब्त; गांव में कच्चे रास्ते से जा रहा ट्रक पलटा, संदिग्ध गतिविधि पर ग्रामीणों ने कृषि विभाग को दी सूचना

जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्जकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

हापुड़ में 225 बैग यूरिया जब्त
हापुड़ में 225 बैग यूरिया जब्त (Photo credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : June 12, 2026 at 6:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हापुड़ : जिले के थाना देहात क्षेत्र के एक गांव में यूरिया से भरा ट्रक पलट गया. संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जिला कृषि अधिकारी को दी. ग्रामीणों की सूचना पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने ट्रक में लदी 225 बैग यूरिया को संदिग्ध मानते हुए ट्रक को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है.



जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने दी जानकारी. (Video credit: ETV Bharat)


पूरा मामला जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र का बताया जा रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक, थाना देहात क्षेत्र के ग्राम असरा मुरादपुर में से एक ट्रक कच्चे रास्ते से होकर जा रहा था. शक होने पर ग्रामीणों ने रोकने का इशारा किया. लेकिन, ट्रक ड्राइवर ने हड़बड़ा कर ट्रक को दौड़ा दिया. ट्रक अनियंत्रित होने के कारण पलट गया. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश को दी. जिला कृषि अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि ग्राम असरा मुरादपुर के ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि यूरिया से भरा ट्रक खेत में पलट गया है. ग्रामीणों ने बताया कि यूरिया को दूसरे ट्रक में भरा जा रहा है, जो संदिग्ध लग रहा है.

उन्होंने बताया कि जब टीम ने मौके पर जांच की तो जानकारी हुई की यूरिया मेरठ से किठौर जा रहा था. उन्होंने बताया कि फॉर्म मालिक द्वारा जो बिल दिखाया गया वह किसी और कंपनी के यूरिया का था. बिल गुरुवार का था और आज जो यूरिया यहां पर मिला है वह किसी और कंपनी का है.

उन्होंने बताया कि फिलहाल 225 बैग यूरिया जो पकड़ा गया है, यह थाने में जमा करके सीज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : बुलंदशहर में खाद तस्करी रैकेट का खुलासा, 1575 कट्टा यूरिया खाद जब्त, पीसीएफ गोदाम से निकली थी अवैध खेप