ETV Bharat / state

सोमा मुंडा हत्याकांड से उबल उठा खूंटी, आदिवासी समाज का बंद रहा सफल, प्रशासन को सौंपा मांग पत्र

खूंटी में सोमा मुंडा हत्याकांड को लेकर आदिवासी समाज ने प्रशासन को मांग पत्र सौंपकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

SOMA MUNDA MURDER CASE IN KHUNTI
प्रदर्शन के दौरान बैठी महिलाएं (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 8, 2026 at 9:04 PM IST

|

Updated : January 9, 2026 at 10:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

खूंटी: पड़हा के राजा और अबुआ झारखंड पार्टी (एजेपी) के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा की हत्या के खिलाफ गुरुवार को खूंटी जिला पूरी तरह ठप रहा. सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आदिवासी समाज के लोगों ने चाईबासा, सिमडेगा और जमशेदपुर मार्ग समेत शहर के सभी प्रमुख रास्तों को जाम कर दिया. इस दौरान पूरे जिले में जीवन-जन्य गतिविधियां थम गईं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रही रोक

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने दोपहिया वाहनों तक को रोक दिया और नारेबाजी करते हुए हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की. दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद सोमा मुंडा का शव जुलूस के रूप में भगत सिंह चौक लाया गया, जहां सड़क के बीच शव रखकर प्रदर्शनकारियों ने डीसी और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे.

समाजसेवी, गीता उरांव और एसपी का बयान (ETV Bharat)

आदिवासी संगठनों की प्रमुख मांग

करीब साढ़े चार बजे खूंटी डीसी आर. रॉनिटा और एसपी मनीष टोप्पो भारी सुरक्षा व्यवस्था में पहुंचे. आदिवासी नेता मार्शल बारला ने भीड़ की ओर से मांग पत्र अधिकारीगण को सौंपा, जिसमें हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को 5 करोड़ मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, उच्चस्तरीय जांच और सोमा मुंडा को ‘शहीद’ का दर्जा देने की थीं. डीसी ने परिजनों से मिलकर सरकार को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया, जिसके बाद भीड़ शांत हुई और जाम हटाया गया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव चलागी ले जाया गया.

सांसद और विधायक की अनुपस्थिति से लोग दिखे नाराज

इस दौरान रांची, जमशेदपुर और खूंटी के कई आदिवासी नेता मौके पर मौजूद रहे. नेताओं ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे आदिवासी अस्मिता पर हमला बताया और न्याय की मांग की. सांसद और विधायक की अनुपस्थिति को लेकर भी नाराजगी दिखी तथा लोगों ने उनके खिलाफ नारे लगाए.

SOMA MUNDA MURDER CASE IN KHUNTI
सोमा मुंडा की हत्या के बाद उमड़ा जनसैलाव (Etv bharat)

पीड़ित परिवार से मिले पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा

शाम होते होते पूर्व मुख्यमंत्री एवं खूंटी के पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा मृतक नेता के घर पहुंचे और पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर पूर्व मंत्री देवकुमार धान, गीताश्री उरांव, मार्शल बारला, दुर्गावती ओड़ेया, मंगल सिंह मुंडा, विनसाय मुंडा, चंद्रप्रभात मुंडा, शंकर मुंडा, निशा उरांव समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक नेता मौजूद रहे.

गौरतलब है कि बुधवार की रात जमुवादाग के पास अज्ञात अपराधियों ने सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से पैतृक गांव लौट रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- मां से छेड़खानी करने पर दो भाईयों ने साथियों के साथ मिलकर की थी सोमा मुंडा की हत्या, खूंटी पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

पति की साजिश का शिकार हुई थी ममता, अवैध संबंध बनी मौत की वजह

Last Updated : January 9, 2026 at 10:34 AM IST