ETV Bharat / state

पौधों को बंद घेरे से आजादी, हरियाली को मिलेगा नया जीवन

रायपुर में प्रोजेक्ट पुनर्जीवन अभियान के तहत पौधों के आसपास लगे ट्री गार्ड और कांक्रीट हटाए जा रहे.

PROJECT PUNARJEEVAN ABHIYAN
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन अभियान (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 20, 2026 at 1:06 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम का प्रोजेक्ट पुनर्जीवन अभियान तेज हो गया है. शहर के सभी 10 जोनों में ऐसे पौधों को चिन्हित किया जा रहा है, जो ट्री गार्ड, कांक्रीट और पेवर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे. अब इन अवरोधों को हटाकर पौधों को खुली मिट्टी, पानी और पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है.

2111 ट्री गार्ड और 446 स्थानों से हटाए गए कांक्रीट-पेवर

अभियान के तहत अब तक शहर के अलग-अलग इलाकों में करीब 2111 ट्री गार्ड हटाए जा चुके हैं. वहीं लगभग 446 जगहों से कांक्रीट के घेरे और पेवर हटाने की कार्रवाई की गई है. नगर निगम के सभी 10 जोनों में यह अभियान लगातार जारी है और अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्य की निगरानी कर रहे हैं.

जड़ों को मिलेगी मिट्टी, पानी और फैलने की जगह

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन का मकसद पौधों को बंद घेरे से निकालकर उन्हें प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है. ट्री गार्ड, कांक्रीट और पेवर हटने से पौधों की जड़ों तक मिट्टी और पानी आसानी से पहुंच सकेगा. साथ ही पौधों को जड़ों के विस्तार और स्वाभाविक विकास के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी.

सभी 10 जोनों में चिन्हांकन और मॉनिटरिंग

नगर निगम के सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे पौधों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों द्वारा अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है. कलेक्टर गौरव सिंह के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशन में अभियान को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.

शहर के हरित वातावरण को मजबूत करने की पहल

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के जरिए रायपुर में पौधों को कृत्रिम अवरोधों से मुक्त कर प्रकृति के करीब लाने की कोशिश की जा रही है. नगर निगम की यह पहल न केवल पौधों के बेहतर विकास में मदद करेगी, बल्कि शहर के हरित वातावरण को मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम साबित हो सकती है.

छत्तीसगढ़ में 56 सिविल जजों की पोस्टिंग, हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश
जीपीएम में घर में खेल रही 5 साल की बच्ची को सांप ने डसा
महतारी वंदन योजना के 1 हजार रुपये के बदले स्मार्ट मीटर से 3 हजार रुपये वसूल रही सरकार- बलरामपुर कांग्रेस