फिरोजाबाद में आगरा के ट्रांसपोर्टर की पीट-पीटकर हत्या, पार्टनर ने साथियों के साथ किया हमला; सोनभद्र में नशे का डोज अधिक लेने पर युवक का मर्डर
फिरोजाबाद मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है. वहीं सोनभद्र मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 7:30 PM IST
फिरोजाबाद : उत्तर थाना क्षेत्र में आगरा के ट्रांसपोर्टर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पैसों के लेनदेन के विवाद में पार्टनर ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है. एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.
वहीं सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में 2 जनवरी को नहर में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. नशे के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की गला दबाकर हत्या की गई थी.
ट्रक से माल लेकर आए थे : फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया, आगरा के महावीर नगर के रहने वाले बालमुकुंद दुबे (50) पेशे से ट्रांसपोर्टर थे. वह शनिवार को ट्रक पर माल लोड कराकर रविवार को फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी स्थित ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट आए थे. उनके साथ ट्रक ड्राइवर सुभाष भी मौजूद था.
कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद : अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया, जांच में पता चला है कि बालमुकुंद दुबे ट्रक से सामान उतरवा रहे थे, तभी उनका पार्टनर गजेंद्र सिंह अपने कुछ लोगों के साथ पहुंचा. बालमुकुंद और गजेंद्र में पहले कहासुनी हुई फिर विवाद बढ़ गया. गजेंद्र और उसके साथियों ने बालमुकुंद पर हमला कर दिया.
एक आरोपी हिरासत में : पिटाई से बेसुध बालमुकुंद को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है. बालमुकुंद के परिजनों की तहरीर पर गजेंद्र सिंह और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सोनभद्र में युवक की हत्या का खुलासा : एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया, बीती 2 जनवरी को रॉबर्ट्सगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि अमौली गांव में घाघर नहर में एक युवक का शव मिला है. युवक की पहचान पन्नूगंज के नौडीहा गांव के रहने वाले अखिलेश यादव उर्फ कन्हैया यादव (25) के रूप में हुई.
23 दिसंबर को की थी हत्या : पुलिस को परिजनों ने बताया कि 23 दिसंबर से अखिलेश गायब है और गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए राबर्ट्सगंज कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया था. जांच पड़ताल में ग्राम नरोत्तमपुर थाना पन्नूगंज के रहने वाले सुदीप देव पांडेय उर्फ सूरज को पन्नूगंज के गेरुई नर्सरी के पास से गिरफ्तार किया गया.
नशे का डोज अधिक लेने पर हुआ था विवाद : पूछताछ में आरोपी ने बताया, बीती 23 दिसंबर को अखिलेश को अपनी गाड़ी से सजौर गांव लाया. वहां पर दोनों ने जैत गांव निवासी बंटी उर्फ सोनू से नशे के लिए हेरोइन खरीदी और मेडिकल स्टोर से नशे की दवा और इंजेक्शन लिया. इसके बाद दोनों ने राबर्टसगंज के सजौर गांव में स्थित मकान पर नशा किया. अखिलेश यादव ने 10 ml डोज लिया.
24 दिसंबर की रात नहर में फेंका शव : विरोध किया तो अखिलेश लड़ाई करने लगा. विवाद बढ़ा तो गला दबाकर हत्या कर दी. 24 दिसंबर की रात शव को अपने बोलेरो गाड़ी से ले जाकर मरकरी नहर में फेंक दिया. आरोपी के कब्जे से बोलेरो गाड़ी (यूपी 64 AH9897), दो मोबाइल और 508 रुपये नकद बरामद किया गया है. मामले में एक अन्य अभियुक्त सोनू उर्फ प्रतीक निवासी ग्राम जैत रॉबर्ट्सगंज की तलाश की जा रही है.
यह भी पढ़ें : उन्नाव में सड़क हदासे में दो युवकों की मौत, बाजार से एक साथ घर लौट रहे थे, तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर

