होली अलर्ट: दिल्ली में मेट्रो, बस और नमो भारत की सेवाएं रहेंगी प्रभावित, जानें क्या है नया शेड्यूल?
मेट्रो, रैपिड रेल (नमो भारत) और बस सेवाओं के ट्रांसपोर्ट एजेंसियों ने लोगों से की अपील ,4 मार्च को शेड्यूल देखकर ही बनाएं यात्रा योजना

Published : March 2, 2026 at 8:03 PM IST
नई दिल्ली: होली के दिन राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में चलने वाली मेट्रो, रैपिड रेल (नमो भारत) और बस सेवाओं के समय में बड़ा बदलाव किया गया है. तीनों ट्रांसपोर्ट एजेंसियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे 4 मार्च (बुधवार) को यात्रा की योजना बदले हुए शेड्यूल के अनुसार ही बनाएं, जिससे असुविधा से बच सकें.
मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं दोपहर 2:30 बजे तक बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने बताया कि होली के दिन दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं दोपहर 2:30 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगी. इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है. उन्होंने कहा कि 4 मार्च को दोपहर 2:30 बजे से सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो ट्रेन सेवाएं एक साथ शुरू होंगी. उसके बाद दिनभर सामान्य समय-सारणी के अनुसार संचालित होती रहेंगी.

त्योहार के दौरान कम यात्री संख्या को देखते हुए फैसला
अनुज दयाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी यह व्यवस्था सुरक्षा, परिचालन व त्योहार के दौरान कम यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे मेट्रो परिसरों में सुरक्षा नियमों का पालन करें. ज्वलनशील या रंगों से भरे खुले कंटेनर लेकर प्रवेश ना करें.
नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं शाम 5:00 बजे तक नहीं
वहीं, दूसरी ओर नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन(एनसीआरटीसी) के दिल्ली - मेरठ नमो भारत सेवाओं के समय में भी बदलाव किया गया है. एसआरटीसी के अनुसार होली के दिन नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाएं शाम 5:00 बजे तक उपलब्ध नहीं रहेंगी. 4 मार्च को ये सेवाएं शाम 5:00 बजे से शुरू होकर रात 10:00 बजे तक संचालित की जाएंगी.
नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाओं का सातों दिन नियमित संचालन
एनसीआरटीसी ने यह भी जानकारी दी है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाओं का नियमित संचालन समय अब प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक कर दिया गया है. यह व्यवस्था सप्ताह के सभी सातों दिन, रविवार सहित लागू रहेगी.
घर से निकलने से पहले सेवाओं की जानकारी जरूर जांच लें
परिवहन एजेंसियों का कहना है कि त्योहार के दिन सुबह के समय यात्रियों की संख्या काफी कम रहती है, जबकि शाम के बाद आवाजाही बढ़ती है. इसी वजह से संचालन को व्यावहारिक और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह विशेष शेड्यूल लागू किया गया है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे घर से निकलने से पहले सेवा समय की जानकारी जरूर जांच लें, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
4 मार्च को दोपहर 2:00 बजे तक बस का संचालन स्थगित
राजधानी दिल्ली में मेट्रो के बाद दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बसों को दूसरी सबसे बड़ी लाइफलाइन माना जाता है. दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की तरफ से सूचना जारी कर कहा गया है की होली के दिन 4 मार्च को दोपहर 2:00 बजे तक बस का संचालन स्थगित रहेगा. दोपहर 2:00 बजे के बाद सिर्फ 25% बसें ही संचालन के लिए सड़क पर उतारी जाएगी.
ये भी पढ़ें :

