चूरू में हाईवे पर दबंगई दिखाने वाला परिवहन निरीक्षक निलंबित, FIR दर्ज, जानिए पूरा मामला
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर रविवार को सामने आया.

Published : March 2, 2026 at 10:40 AM IST
|Updated : March 2, 2026 at 12:12 PM IST
चूरू : परिवहन निरीक्षक की ओर से हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से बर्बरता करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर रविवार को सामने आया. वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग भी एक्शन में आया और परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने परिवहन निरीक्षक को निलंबित कर दिया और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी. रविवार देर रात पीड़ित यूपी निवासी ट्रक चालक अहसान हसन थाने पहुंचा और परिवहन निरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया. रतनगढ़ थाना अधिकारी गौरव खिडिया ने कहा कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया.
यह था मामला : यूपी का रहने वाला अहसान हसन बीकानेर से ऊन भरकर यूपी की ओर जा रहा था. सुजानगढ़ डीटीओ कार्यालय के इंस्पेक्टर सुरेश विश्नोई ने ओवरलोड, पीछे से डाला खुला होने और ट्रक में भरे माल की ऊंचाई अधिक होने के चलते पीछा किया और एनएच 11 पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास ट्रक को रुकवाया. ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर अहसान हसन से लाइसेंस मांगा.
चालक ने कहा कि उसका लाइसेंस मोबाइल के डिजिटल लॉकर में है. इसके बाद जैसे ही उसने मोबाइल निकाला विश्नोई ने मोबाइल छीन लिया. इसी बात को लेकर बवाल मच गया. बवाल को देखते हुए आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए. आरोप है कि चालक व इंस्पेक्टर के बीच हुई नोकझोंक के दौरान विश्नोई ने अपने सिर से ड्राईवर की आंख के ऊपर चोट पहुंचाई, जिससे वह घायल हो गया.

