बूंदी में ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा: 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 2 लाख से ज्यादा जुर्माना, चालक वाहन छोड़ भागे
परिवहन विभाग ने इस कार्रवाई के दौरान वाहनों पर कुल 2 लाख 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है.

Published : July 7, 2026 at 1:36 PM IST
बूंदी: सड़क हादसों का कारण बन रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने मंगलवार को नमाना रोड पर बड़ी कार्रवाई की. जिला कलेक्टर के निर्देश पर डीटीओ सौम्या शर्मा के निर्देशन में औचक जांच अभियान चलाया गया. टीम ने अवैध पार्किंग और क्षमता से अधिक भार वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच की. कार्रवाई होते देख कई चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए. विभाग ने 4 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर तालेड़ा थाने के माध्यम से एमडब्ल्यूआर सीजर यार्ड में खड़ा कराया. भागे हुए 2 चालकों के खिलाफ पंचनामा बनाकर जुर्माना लगाया गया. अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान जारी रहेगा.
परिवहन निरीक्षक धर्मपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जब परिवहन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो ओवरलोड वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई. कई चालक कार्रवाई के डर से अपने वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गए. हालांकि विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर ही कब्जे में ले लिया. वहीं, मौके से भाग निकले दो अन्य ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के विरुद्ध पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया है. परिवहन विभाग ने इस कार्रवाई के तहत कुल 2 लाख 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है.
परिवहन निरीक्षक गुर्जर का कहना था कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि वे सड़क ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे वाहन अक्सर संतुलन बिगड़ने के कारण बड़े सड़क हादसों का कारण बनते हैं और आमजन के जीवन के लिए जोखिम पैदा करते हैं. परिवहन निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी तरह नियमित और सख्त अभियान जारी रहेंगे. उन्होंने वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने और निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर वाहन नहीं चलाने की अपील की.

