बकरीद पर परिवहन निगम की पहल, मुस्लिम कर्मचारियों को मिलेगा एडवांस वेतन, आदेश जारी
उत्तराखंड परिवहन निगम ने बकरीद के त्योहार पर मुस्लिम कर्मचारियों को एडवांस सैलरी देने का आदेश जारी किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 27, 2026 at 2:15 PM IST
देहरादून: देश भर के साथ ही उत्तराखंड राज्य में भी ईद-उल-जुहा यानी बकरीद की तैयारियां जोरों शोरों पर चल रही है. 28 मई को बकरीद है. ऐसे में मुस्लिम समुदाय के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. बकरीद को लेकर जहां एक ओर उत्तराखंड शासन ने 27 मई की घोषित छुट्टी को बदलकर अब 28 मई कर दिया है तो दूसरी तरफ परिवहन निगम के मुस्लिम कर्मचारियों की मांग पर परिवहन निगम ने एडवांस वेतन जारी करने का भी ऐलान कर दिया है. इस संबंध में परिवहन निगम के महाप्रबंधक (वित्त) पवन मेहरा ने आदेश भी जारी कर दिए है.
बकरीद को लेकर बाजारों में काफी अधिक भीड़ देखी जा रही है, क्योंकि बकरीद से पहले ही मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोग अपने त्योहार को मनाने के लिए कुछ दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर देते हैं. इसके दृष्टिगत जहां एक और बाजारों में भीड़ देखी जा रही है तो दूसरी तरफ परिवहन निगम ने मुस्लिम कर्मचारियों को बकरीद से पहले एक बड़ी राहत दी है.

बकरीद को लेकर परिवहन निगम के मुस्लिम कर्मचारी मांग कर रहे थे कि उन्हें त्योहार मनाने के लिए एडवांस में वेतन भुगतान कर दिया जाए. जिसको देखते हुए परिवहन निगम ने परमानेंट मुस्लिम कर्मचारियों को पांच हजार रुपए और संविदा (कॉन्ट्रैक्ट), विशिष्ठ (स्पेशल), वाहय श्रोत (एक्सटर्नल सोर्स) के मुस्लिम कार्मिकों को 2500 रुपए के अग्रिम भुगतान को मंजूरी दे दी है.
परिवहन निगम के महाप्रबंधक (वित्त) पवन मेहरा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 28 मई को ईद पर्व है, जिसको देखते हुए परिवहन निगम में मुस्लिम कर्मचारियों ने अग्रिम वेतन भुगतान संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपा था. जिस पर निगम के वित्त नियंत्रक की मंजूरी के बाद आदेश जारी किया गया है. ऐसे में मुस्लिम कार्मिकों को उनके प्राथर्ना पत्र के आधार पर सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद पांच हजार रुपए और निगम के संविदा, विशिष्ठ, वाहय श्रोत के कर्मचारियों को 2500 रुपए अग्रिम भुगतान किया जाएगा. जिसकी कटौती मई 2026 महीने के वेतन से कर ली जाएगी.
बकरीद के मद्देनजर मुस्लिम कर्मचारी को वेतन का अग्रिम भुगतान समय पर हो, इसके लिए इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित यूनिट के अधिकारी को दी गई है. इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मुस्लिम कार्मिको की एक सूची यूनिट वार, नाम वाइज तैयार कर मंडलीय कार्यालय (संचालन/तकनीकी) एंव निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराएं.
ये भी पढ़ें:

