बिहार में बड़ा रेल हादसा, सीमेंट लदी मालगाड़ी के 16 डिब्बे पटरी से उतरे, 3 नदी में गिरे
जमुई में सीमेंट लदी मालगाड़ी के 16 डिब्बे पटरी से उतरे, तीन डिब्बे पुल से नदी में गिरे. रेल यातायात ठप हो गया है. पढ़ें-

Published : December 28, 2025 at 7:53 AM IST
जमुई: बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया. जसीडीह-झाझा रेलखंड पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिसमें करीब 16 डिब्बे बेपटरी हो गए. हादसा इतना भयानक था कि कई डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे.
कहां हुआ हादस: यह दुर्घटना आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत जसीडीह-झाझा मुख्य रेल मार्ग पर हुई. स्थान टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बधुआ नदी पर बना पुल संख्या 676 है. हादसा देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हुआ, जब मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी.
कई डिब्बे नदी में गिरे: रिपोर्ट्स के अनुसार, मालगाड़ी के कुल 16 से 19 डिब्बे पटरी से उतर गए. इनमें से तीन डिब्बे सीधे पुल से नीचे बधुआ नदी में गिर गए, जबकि कुछ डिब्बे पुल पर ही पलट गए और एक-दूसरे पर चढ़ गए. सीमेंट के बोरे चारों ओर बिखर गए, जिससे ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

रेल यातायात पर प्रभावित: हादसे के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गया. किउल-जसीडीह रेलखंड पर कई यात्री और मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गई. कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ और घंटों तक ट्रैफिक प्रभावित रहा.

राहत कार्य शुरू: हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया. झाझा और जसीडीह से राहत ट्रेनें और भारी मशीनरी मौके पर रवाना की गईं. रेल पुलिस, आरपीएफ और तकनीकी अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बेपटरी डिब्बों को हटाने का कार्य शुरू किया.

कोई हताहत नहीं: राहत की बात यह है कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है. मालगाड़ी होने के कारण इसमें कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

जमुई एसपी घटनास्थल पहुंचे: घटना के बाद रविवार को जमुई एसपी विश्वजीत दयाल पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. एसपी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही इसको लेकर विभाग काम शुरू कर दिया है. सबसे पहला काम इस रूट पर आवागमन शुरू करना है. रेलवे के अधिकारी इसको लेकर काम कर रहे हैं. हमलोगों के द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है.

"शनिवार रात 10 से 11 बजे के बीच की घटना है. मालगाड़ी में सिमेंट भरा हुआ था. ट्रेन झाझा की ओर जा रही थी. उसी में यह घटना हुई है. हमलोग रात से ही लगे हुए है ताकि आवागमन शुरू हो सके" -विश्वजीत दयाल, एसपी, जमुई
कैसे हुआ हादसा: मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि रेलवे अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं. शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी या ट्रैक में गड़बड़ी की जताई जा रही है. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही रेल परिचालन बहाल किया जाएगा. रेलवे ने यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की है.
''लाहाबन-सिमुलतला स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए. मौके पर झाझा, मधुपुर और आसनसोल से एआरटी मौजूद है. राहत और बचाव कार्य जारी है. जिस कारण हावड़ा राजधानी सहित कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है.'' - सरस्वती चन्द्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
ये भी पढ़ें-
बिहार में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, आरा में ट्रेन से टकराई ट्रैक्टर.. बाल-बाल बचे हजारों यात्री
क्या आप जानते हैं घने कोहरे में कैसे चलती है ट्रेन, FSD कैसे करता है काम

