उदयपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई पिकअप, 3 की मौत, 30 घायल
परिजनों का कहना है कि ड्राइवर गाड़ी काफी तेज चला रहा था. शायद वह नशे में था.

Published : February 28, 2026 at 11:01 PM IST
उदयपुर: गोगुंदा क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मजावद गांव के पास एक अनियंत्रित पिकअप वाहन अचानक सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग दूर-दूर तक जा गिरे. हादसे में एक मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए. घायलों में बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं शामिल हैं. जानकारी के अनुसार पिकअप में 50 से अधिक लोग सवार थे, जो मोडवा गांव से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे.
डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया कि हादसे में लखमाराम, नेमीचंद और पंकज की मौत हुई है, जो मोडवा गांव के निवासी थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन तेज गति में था और चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है. एक महिला ने बताया, 'हम लोग मोडवा गांव के रहने वाले हैं. सभी लोग बगडुंदिया गए थे, सांवरलाल के यहां एक ढूंढ के कार्यक्रम में. पिकअप में पूरा परिवार एक साथ बैठकर गया था. गाड़ी को ड्राइवर काफी तेज चला रहा था. इसी दौरान हादसा हो गया. शायद ड्राइवर नशे में था. गाड़ी एक इमली के बड़े पेड़ से जाकर टकराई. इसके बाद आधे लोग उछलकर बाहर गिरे और कुछ लोग खड्डे में जा गिरे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कई लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि कुछ लोग पास के खड्डे में जा गिरे. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. घायलों को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार करीब 12 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है.

