रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत
मृतक की पहचान 45 वर्षीय योगेंद्र कुमार के रूप में हुई है. योगेंद्र कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 4, 2026 at 4:05 PM IST
रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 45 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तराखंड के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें 45 वर्षीय योगेंद्र कुमार की मौत हो गई. मृतक योगेंद्र कुमार, पुत्र छत्तरपाल, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के बहेड़ी क्षेत्र स्थित महादेव पुरम कॉलोनी के निवासी थे. वर्तमान में किच्छा रोड स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे.
जानकारी के अनुसार, घटना देर रात उस समय हुई जब योगेंद्र कुमार ड्यूटी के दौरान किच्छा रोड पर सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में योगेंद्र कुमार को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया. जहां उनकी हालत अत्यंत गंभीर बनी रही. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बिगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार रिंगवाल ने बताया कि यह हादसा देर रात हुआ है. अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.
पढे़ं- होली मिलन समारोह में भिड़े छात्र गुट, डिग्री कॉलेज में जमकर हुई मारपीट, सामने आया वीडियो

