खूंटी में दर्दनाक हादसा: चलती ट्रक में घुसी कार, डोड़मा चर्च के दो फादर की मौत, एक गंभीर
खूंटी में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. हादसे में दो फादर की मौत हो गई.

Published : January 8, 2026 at 8:25 AM IST
खूंटी: खूंटी-सिमडेगा मुख्य सड़क पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में डोड़मा आरसी चर्च के दो फादरों की मौत हो गई, जबकि एक फादर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि चलती क्रेटा कार सीधे सड़क पर चल रहे ट्रक में जा घुसी और ट्रक के अंदर फंस गई. मृतकों की पहचान डोड़मा निवासी फादर सुशील प्रवीण टिडू और बागरटोली निवासी सुनील भेंगरा के रूप में हुई है.
हादसे में गंभीर रूप से घायल फादर जॉन्सन भेंगरा, जो असम के एक चर्च में पदस्थापित हैं, को तत्काल अस्पताल भेजा गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों फादर तोरपा से एक पार्टी में शामिल होकर अपने डोड़मा चर्च लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. सूचना मिलते ही तोरपा उप प्रमुख संतोष कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया.
थाना प्रभारी मुकेश यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने बताया कि इस घटना में चर्च के दो फादरों की मौत हो गई. कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन ट्रक के अंदर पूरी तरह फंस गया, जिससे तत्काल बचाव कार्य शुरू करना मुश्किल हो गया. इलाके में इस हादसे से शोक की लहर है.गौर करने वाली बात है कि बीते 13 दिनों में क्षेत्र में सड़क हादसे में 9 लोगों की जान जा चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर नाराज़गी और चिंता बढ़ती जा रही है.

