अलीगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो दोस्तों की मौत, तीसरा मौत से जूझ रहा
अलीगढ़ में आगरा रोड स्थित शाहपुर गांव के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों में से दो ने दम तोड़ दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 3:30 PM IST
अलीगढ़: होली की खुशियां एक दर्दनाक हादसे ने मातम में गईं. अलीगढ़ के थाना मडराक क्षेत्र में आगरा रोड स्थित शाहपुर गांव के पास सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक मौत से संघर्ष कर रहा है.
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक शहर के थाना सासनीगेट इलाके के पला होली चौक के निवासी थे. छोटे (22) पुत्र हरि सिंह, भूपेंद्र (23) पुत्र कालीचरन और नरेश (25) पुत्र महेंद्र सिंह आपस में गहरे दोस्त थे और एक ही मोहल्ले में रहते थे. देर रात वे बाइक से हाथरस के कस्बा सासनी में भूपेंद्र की रिश्तेदारी में जा रहे थे.
जब वे थाना मडराक क्षेत्र में आगरा रोड पर शाहपुर गांव के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने छोटे और भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल नरेश को बेहतर उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
इस हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया है. सबसे ज्यादा दुखद बात यह रही कि मृतक के छोटे की शादी महज 11 दिन पहले, 20 फरवरी को हुई थी. शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि घर में मातम छा गया. पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में शोक की लहर है और होली का उत्साह गम में बदल गया है.
घटना के संबंध में थाना मडराक क्षेत्रांतर्गत हुए इस सड़क हादसे पर क्षेत्राधिकारी इगलास महेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके.
ये भी पढ़ें - होली से पहले अलर्ट मोड पर अलीगढ़, संवेदनशील इलाकों की मस्जिदें तिरपाल से ढकीं, आज निकलेगा होली का जुलूस

