धमतरी में हंसती खेलती बच्ची हादसे का शिकार, 5 साल की उम्र में हुई मौत, पसरा मातम
धमतरी के कुरूद में एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में पांच साल की बच्ची मौत के मुंह में समा गई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 4, 2026 at 8:40 PM IST
धमतरी: शनिवार को जिले के कुरुद में एक 5 साल के बच्ची की मौत हो गई. चारभाटा गांव में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली. बताया जा रहा है कि मासूम बालिका खेलते-खेलते ट्रैक्टर के केज व्हील की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों ने तत्काल उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
ट्रैक्टर केज में फंसने से हादसा
मृत बालिका की पहचान दीक्षा साहू के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह घर के पास खेल रही थी. इसी दौरान ट्रैक्टर के केज व्हील की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया. हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.घटना के बाद शनिवार को बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया.
5 वर्षीय बालिका दीक्षा साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था. निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बालिका की मृत्यु होने के बाद नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया गया- राजेश सूर्यवंशी, डॉक्टर, धमतरी जिला अस्पताल
इस हादसे के बाद कुरुद थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे से ग्राम चारभाटा में शोक की लहर है. मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

