धुंध में गाड़ी कैसे चलाएं?, फरीदाबाद के ट्रैफिक ताऊ ने पढ़ाया नियमों का पाठ, फौरन करें फॉलो
ईटीवी भारत ने ट्रैफिक ताऊ के नाम से मशहूर ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र बल्हारा से ख़ास बातचीत की है.

Published : December 22, 2025 at 6:44 PM IST
फरीदाबाद : ठंड का कहर लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और भी ज्यादा ठंड बढ़ने की आशंका है. ठंड के अलावा धुंध का कहर भी देखने को मिल रहा है. धुंध की वजह से रोज एक्सीडेंट हो रहे हैं और कई लोगों की जान भी जा रही है लेकिन अगर इस धुंध में कुछ सावधानियां बरती जाए तो इन हादसों में कमी आ सकती है. पूरे मामले को लेकर ईटीवी भारत ने ट्रैफिक ताऊ के नाम से मशहूर ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र बल्हारा से ख़ास बातचीत की है.
धुंध में बरतें सावधानी : बातचीत के दौरान ट्रैफिक ताऊ यानी वीरेंद्र बल्हारा ने बताया कि "धुंध की वजह से रोज एक्सीडेंट हो रहे हैं और कई लोग की जान भी जा रही है लेकिन कुछ सावधानियां बरती जाए तो इन हादसों में कमी आ सकती है. सबसे पहले बिना वजह के घर से ना निकलें. अगर कोई मजबूरी है और घर से निकलना है तो घर से निकलने से पहले मौसम विभाग की साइट पर जाकर चेक कर लें कि धुंध है या नहीं क्योंकि कोहरे में दो-फीट तीन फीट दूरी से भी लोग नजर नहीं आते हैं. ऐसे में मौसम साफ है तो आप घर से निकलिए अन्यथा नहीं."
सफेद पट्टी पर गाड़ी ना चलाएं : आगे उन्होंने कहा कि "यदि इमरजेंसी में आपको जाना है तो सड़कों पर जो गाड़ियां चलती है उन गाड़ियों से अपनी गाड़ी का डिस्टेंस ज्यादा रखें. कम से कम 10 से 12 फीट की दूरी का डिस्टेंस दोनों गाड़ियों में होना चाहिए. इसके अलावा जब आप रोड या हाईवे पर जा रहे हैं तो वहां पर सड़क के बीचों-बीच एक सफ़ेद पट्टी होती है उस पट्टी पर गाड़ी ना चलाएं बल्कि सड़क के किनारे-किनारे और धीमी गति से गाड़ी चलाएं. अगर हम बीच में चल रहे हैं ऐसे में हमारे पीछे आ रही गाड़ी ओवरटेक भी करती है और धुंध की वजह से कई बार हादसे हो जाते हैं. हमेशा एक चीज का ध्यान रखें जहां भी आपको ज्यादा धुंध नजर आये अपनी गाड़ी साइड में खड़ी करके रुक जाए या फिर आसपास कहीं पर दो-चार घंटे के लिए स्टे कर ले और जैसे धुंध खत्म हो फिर वहां से आप यात्रा शुरू करें."
गाड़ियों में रिफलेक्टर लगवाएं : फॉग लाइट के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि "सभी गाड़ियों में फॉग लाइट होती है. जब भी आप धुंध में गाड़ी ड्राइव कर रहे हैं तो आप फॉग लाइट और इंडिकेटर दोनों जलाकर चलें इसके अलावा गाड़ियों में रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं. रिफ्लेक्टर दूर से ही चमक जाता है और दूसरे व्यक्ति को पता लग जाता है कि कोई वाहन या कोई व्यक्ति आ रहा है. इसलिए रिफ्लेक्टर हर गाड़ी में होना जरूरी है. अगर हम बाइक से सफर कर रहे हैं तो अपने हेलमेट पर भी रिफलेक्टर लगा लें."
सीट बेल्ट जरूर लगवाएं : ट्रैफिक ताऊ ने आगे कहा कि "कभी भी गाड़ी में आप बैठे तो सीट बेल्ट जरूर लगाएं. अगर सीट बेल्ट नहीं लगा रहेगा और हादसा होता है तो एयर बैग नहीं खुलेगा. अगर सीट बेल्ट लगाया है और कभी एक्सीडेंट भी हो जाए तो एयर बैग खुल जाएगा और हमारी जान बच सकती है. अगर आप धुंध में किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं तो गाड़ी सड़क पर ना ख़डी करें बल्कि सड़क से लगभग 5 से 10 फुट साइड में गाड़ी खड़ी करके उनका इंतजार करें नहीं तो अगर सड़क पर गाड़ी खड़ी रहेगी तो पीछे से कोई भी गाड़ी उसको ठोक सकती है."
गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाएं : एक्सीडेंट के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि "अगर आप यात्रा कर रहे हैं और इस दौरान धुंध की वजह से या किसी वजह से किसी का एक्सीडेंट हो गया हो तो आप उसे गोल्डन ऑवर में अस्पताल में जरूर पहुंचाएं ताकि उसका जीवन बच जाएं. ऐसे में घायल हुए व्यक्ति के इलाज का खर्चा सरकार करेगी जिसमें डेढ़ लाख रुपए तक प्रावधान है. इसके अलावा जो व्यक्ति उसे अस्पताल ले जाएगा उसको भी सरकार 25,000 रूपये का इनाम देगी. इसके अलावा हमारी कोई बहन बेटी या माता धुंध की वजह से कहीं पर खड़ी है या फिर उनकी गाड़ी खराब हो गई या कोई साधन नहीं मिल रहा है तो वह डायल 112 नंबर पर फोन करें पुलिस आएगी और उनको सुरक्षित उनके घर तक छोड़ेगी."
नशे में गाड़ी ना चलाएं : नशे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि "सबसे इंपोर्टेंट बात धुंध हो या ना हो, कभी भी नशा करके गाड़ी ड्राइव ना करें क्योंकि नशे की हालत में गाड़ी चलाना रूल्स के खिलाफ है और लोग हादसे के शिकार भी हो जाते हैं. अगर आप भी धुंध में यात्रा कर रहे हैं तो इन बातों का जरूर ध्यान रखें ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित हो सके."
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हवा में उगते आलू, बिना मिट्टी के 10 गुना ज्यादा हो रहा प्रोडक्शन, करनाल में आई नई क्रांति
ये भी पढ़ें : हिसार के भाईयों का कमाल, कश्मीर की केसर कमरे में उगाकर हो गए मालामाल
ये भी पढ़ें : मुनाफे का "मोती", नौकरी छोड़ घर में शुरू की खेती, करोड़ों रुपए की कमाई, हैदराबाद से विदेश तक सप्लाई

