यातायात माह 2026: ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर चालानी कार्रवाई
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस सख्त रुख अपना रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 6, 2026 at 2:40 PM IST
|Updated : January 6, 2026 at 2:49 PM IST
दुर्ग: सीट बेल्ट लगाने और हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल दिया जा रहा है. वहीं बगैर सीट बेल्ट बांधे चारपहिया और बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई तेज कर दी गई है.
सड़क सुरक्षा माह
दुर्ग ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. साल के पहले दिन से शुरू इस विशेष कार्यक्रम के तहत चौक चौराहों पर ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर उदासीनता बरतने वालों पर अब सख्ती बरती जा रही है.
स्टूडेंट और पैरेंट्स पर चालानी कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की टीम नेहरू नगर केपीएस पहुंची. यहां बिना हेलमेट दुपहिया से स्कूल आने वाले छात्र छात्राओं पर चालानी कार्रवाई की गई है. कुछ ऐसे पालक भी मिले, जो बिना हेलमेट दुपहिया वाहन में अपने छोटे बच्चों को स्कूल छोड़ने पहुंचे थे. पुलिस की टीम ने बिना हेलमेट दुपहिया वाहन में स्कूल पहुंचे छात्र छात्राओं और पालकों का लाइसेंस भी चेक किया. इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई.
जागरुकता अभियान चला रही ट्रैफिक पुलिस
ट्रैफिक टीआई पीडी चंद्रा ने बताया कि दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इस दौरान सड़क दुघर्टना रोकने के उद्देश्य से वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

जो वाहन चालक सीट बेल्ट और हेलमेट लगाकर वाहन चला रहे हैं, उन्हें गुलाब का फूल दिया जा रहा है. वहीं जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है-पीडी चंद्रा, ट्रैफिक टीआई
ट्रैफिक टीआई पीडी चंद्रा ने बताया कि शहर अन्य स्कूलों के बाहर भी अभियान चलाया जाएगा. स्कूल प्रबंधन और पालकों को नाबालिग छात्र छात्राओं को समझाना चाहिए कि वे दुपहिया वाहन चलाकर कहीं भी न जाएं. जिन छात्र छात्राओं के पास लाइसेंस है, वे हेलमेट पहनकर ही दुपहिया वाहन चलाएं.


