ETV Bharat / state

गिरिडीह में सड़क का यही हाल रहा तो छूट सकती है बोर्ड की परीक्षा, दोषी कौन

गिरिडीह में ट्रैफिक जाम एक बड़ी समस्या बनी हुई है. जिसे डिपार्टमेंट के अधिकारी पूरी तरह से ठीक करने में नाकाम साबित हो रहे हैं.

TRAFFIC JAMS IN GIRIDIH
टावर चौक के आसपास जाम की स्थिति (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 18, 2026 at 11:16 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः शहर में कल्याणडीह से पचंबा होते हुए टावर चौक तक सड़क पर पिछले डेढ़ साल से कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है. सड़क को फोर-लेन बनाया जा रहा है. लेकिन, ठेकेदार और सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही साफ दिख रही है. सड़क बेतरतीब ढंग से बनाई जा रही है. इस बेवक्त कंस्ट्रक्शन से लोगों को परेशानी हो रही है. ताजा मामला जाम और दुर्घटना से संबंधित है.

जानकारी देते स्थानीय और कार्यपालक अभियंता (Etv Bharat)

पुलिया निर्माण न होने से लग रहा है जाम

हाल के दिनों में ठेकेदार द्वारा पुलिया निर्माण के लिए अलग-अलग स्थानों पर गड्ढे खोद दिए गए हैं. गड्ढा तो खोदा गया है लेकिन पुलिया का निर्माण समय पर किया नहीं जा रहा है. जिसके चलते जाम लग रहा है. मंगलवार को यही स्थिति बनी रही और बिशनपुर के पास जाम लग गया. जाम पचंबा से लेकर थाना तक लगा हुआ था. जाम भी उस वक्त लगा जिस समय बच्चों के परीक्षा केंद्र आने-जाने का है. लगभग सवा घंटे तक लोग परेशान रहे. बाद में पुलिस आयी तब काफी मशक्कत के बाद जाम हटा.

आठ दिनों से खोदा हुआ है गड्ढा

यहां के स्थानीय हारून रशीद समेत अन्य लोगों ने बताया कि बिशनपुर में आफताब अस्पताल के पास पिछले आठ दिनों से गड्ढा खोद रखा है, लेकिन काम की गति काफी धीमी है. यही स्थिति भंडारीडीह की है. यहां भी काम धीरे-धीरे चल रहा है. गड्ढा खोदकर काम करने में लापरवाही बरतने का परिणाम है कि चार-पांच दिनों पूर्व बाइक समेत चालक गड्ढे में जा गिरा. हालांकि राहत की बात है कि वह बच गया, लेकिन इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं.

नहीं हटा पोल, अतिक्रमण पर कार्रवाई भी ढीली

इधर, इस सड़क निर्माण में आ रही देरी पर जब पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रामविलास सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ठेकेदार अपने काम में तो ढीला है ही, इसके अलावा अतिक्रमण भी बड़ी समस्या है. जिसके कारण काम प्रभावित हो रहा है. बिजली का खंभा भी पूरी तरह से शिफ्ट नहीं हो रहा है.

जाम से निपटने की व्यवस्था

सड़क निर्माण में विलंब के कारण लग रहे जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस भी मुस्तैद नहीं दिख रही है. लोग कहते हैं कि हेलमेट के नाम पर चेकिंग करने का काम ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ परिवहन विभाग करता है लेकिन जाम से मुक्ति दिलवाने का प्रयास नहीं किया जाता. मंगलवार को एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा और वाहन चलाने वाले लोगों का चालान काटने वाले विभाग के पदाधिकारी नदारद रहे. सड़क निर्माण चल रहा है. ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने को कहा गया है. तेजी नहीं लाने पर उस पर कार्रवाई तय है.

ये भी पढ़ें:

रांची के लोगों को जल्द मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, सीएम ने की समीक्षा

बोर्ड एग्जाम के दौरान सड़क जाम में नहीं फंसेंगे बच्चे, ट्रैफिक पुलिस ने की है ये विशेष व्यवस्था!

निकाय चुनाव के बीच मैट्रिक–इंटर परीक्षा, जाम में फंसे परीक्षार्थियों को मिलेगा क्विक रिस्पॉन्स