ETV Bharat / state

मंत्री नागर से व्यापारी बोले- धमकाकर पटाखे ले गए पुलिसकर्मी, हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर

मूंडला में व्यापारियों ने मंत्री नागर से पुलिस पर बेवजह परेशान करने और सस्ते दामों में महंगे पटाखे ले जाने का आरोप लगाया.

Traders and common people complaining to Minister Nagar
मंत्री नागर से शिकायत करते व्यापारी और आमजन (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 22, 2025 at 7:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: दिवाली की रामा श्यामा करने अपने निर्वाचन क्षेत्र सांगोद में निकले ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों की शिकायत की. व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों पर धमकाकर पटाखे सस्ते ले जाने का आरोप लगाया तो मंत्री ने पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा. इस पर दीगोद थाने के हेड कांस्टेबल खेमसिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया.

मंत्री हीरालाल नागर क्षेत्र के दरा, कनवास, सांगोद, धूलेट व दीगोद इलाके में आमजन से मिलने व दीपावली की शुभकामनाएं देने बाजारों में निकले. दोपहर में दीगोद के मूंडला गांव पहुंचे तो ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों की अवैध वसूली की शिकायतें की. पुलिस पर पटाखा व्यापारियों और अन्य लोगों को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया. औने-पौने दाम पर महंगे पटाखे ले जाने का आरोप लगाया. एक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पतासी वाले से भी अवैध वसूली कर ले गए.

मंत्री नागर को अपनी पीड़ा बताते व्यापारी (ETV Bharat Kota)

पढ़ें: रंगदारी के लिए लॉरेंस गैंग के 'बॉक्सर' ने जयपुर के व्यापारी को धमकाया, विदेशी नंबरों से आया वाट्सएप कॉल

कोटा भेजने का आरोप: मंत्री से एक व्यापारी ने कहा कि पुलिस ने उसकी दुकान से 7000 रुपए के पटाखे लिए और लाइसेंस कैंसिल करने की धमकी देकर 1500 रुपए थमा दिए, जबकि उसने पहले ही पटाखे की कीमत कम कर दी थी. व्यापारी ने कहा कि वह आगे से पटाखे की दुकान नहीं लगाएगा, क्योंकि नुकसान हो गया. उसका कहना है कि एक साथ तीन पुलिसकर्मी आए थे. ये कोटा पटाखे भेजने की बात कह रहे थे. अन्य व्यापारी ने कहा, पुलिसकर्मियों ने उससे 4500 के पटाखे लिए और 2300 देकर चले गए. इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ पुलिसकर्मियों के नाम भी लिए.

मंत्री बोले- बीट नहीं बदलो, परमानेंट हटाओ: मंत्री नागर ने थाना अधिकारी सुरेश कुमार मीणा से पूछा तो जवाब मिला कि उनकी बीट बदल देंगे. इस पर मंत्री ने कहा कि बीट बदलने से कुछ नहीं होगा. इन्हें परमानेंट ही यहां से हटाना होगा. एक्शन भी लेना होगा. थानाधिकारी मीणा का कहना है कि शिकायत के बाद उच्च अधिकारियों ने हेड कांस्टेबल खेम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया. पूरी शिकायत खेम सिंह के खिलाफ लोगों ने की थी. वे उस एरिया के बीट इंचार्ज थे. बाकी सभी पुलिसकर्मी ऑनलाइन भुगतान कर आए थे. कोटा पटाखे भेजने की बात गलत है. किसी को पटाखे नहीं भेजने थे. सभी अपने लिए पटाखे लेकर आए थे.

बूंदी में ओम बिरला ने बुजुर्गों के चरण छूकर लिए आशीर्वाद, बच्चों को लगाया गले : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार शाम दीपावली की रामा-श्यामा करने पहुंचे. आजाद पार्क से प्रारंभ हुई उनकी रामा-श्यामा यात्रा सूर्य मिश्रण चौराहा, सब्जी मंडी रोड, नागर सागर कुंड, चौगान दरवाजा, इंदिरा मार्केट, अहिंसा सर्किल, एक खंभे की छतरी और कोटा रोड से होती हुई पुनः आजाद पार्क में संपन्न हुई. पूरे रास्ते पुष्प वर्षा और जयघोष से स्वागत होता रहा. हर घर की बालकनी से बच्चे हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे.

लोकसभा अध्यक्ष बिरला का लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत, मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा पहनाकर स्नेह जताया. बिरला ने मार्ग में कई स्थानों पर रुककर लोगों से संवाद किया. बुजुर्गों के चरण छूकर आशीर्वाद लिया, बच्चों को गले लगाकर शुभकामनाएं दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का पर्व है. बूंदी की जनता का अपनापन ही यहां की असली रोशनी है.