केंदुआडीह में गैस रिसाव मामला: धनबाद पहुंचे कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक, कहा-स्थिति भयावह, तत्काल शिफ्टिंग जरूरी
धनबाद में गैस रिसाव भयावह रूप ले सकता है. यह बात कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक ने प्रभावित इलाके का दौरा करने के बाद कहा.

Published : December 6, 2025 at 9:58 PM IST
धनबाद: जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में जहरीली गैस के रिसाव की जानकारी मिलने के बाद कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अच्युत घटक धनबाद पहुंचे. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहरीले गैस का प्रकोप लगातार बढ़ता जाएगा. इसका एक मात्र समाधान लोगों को शिफ्ट करना है.
बीसीसीएल अधिकारियों संग बैठक की
शनिवार को धनबाद पहुंचे कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अच्युत घटक ने बीसीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान हालात की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने बीसीसीएल के अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिए. कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक ने डीसी आदित्य रंजन से मिलकर गैस प्रभावित क्षेत्र में बसे लोगों के बारे में जाना. साथ ही उन्होंने प्रभावित इलाके का दौरा किया और लोगों से मिलकर उनका हाल जाना.
प्रभावित क्षेत्र में रहना खतरे से खाली नहींः अच्युत घटक
मीडिया से बातचीत के दौरान कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अच्युत घटक ने कहा कि संबंधित क्षेत्र में जहरीली गैस का प्रभाव लगातार बढ़ता जाएगा. इस कारण प्रभावित क्षेत्र में लोगों का रहना खतरे से खाली नहीं है और इसका उपाय मात्र विस्थापन है. लोगों को जल्द से जल्द वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट करना होगा. उन्होंने साफ कहा कि गैस रिसाव की परेशानी आगे और भी बढ़ेगी.
बढ़ने वाली है गैस रिसाव की समस्या
उन्होंने बताया कि बीसीसीएल ने कुल 81 साइट खतरनाक क्षेत्र चिन्हित कर रखें हैं, केंदुआडीह भी उनमें शामिल है. क्या अन्य साइट पर भी इसका असर देखने को मिलेगा? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि जबतक स्टडी ना हो जाए यह स्पष्ट रूप से कहा नहीं जा सकता है, लेकिन केंदुआडीह साइट पर गैस रिसाव की समस्या बढ़ती जाएगी. उसे तुरंत रोका नहीं जा सकता है. शिफ्टिंग में बीसीसीएल और जिला प्रशासन को और भी तेजी लाने की जरूरत है.

प्रभावित क्षेत्र के लोगों की शिफ्टिंग जरूरीः सीएमडी
वहीं बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि घटना काफी दुखदाई है. बीसीसीएल जीएम जीसी साहा को सस्पेंड किया गया है. भविष्य में अगर घटना की पुनरावृत्ति होती है तो कोई भी अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे, लेकिन हम सब मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि आगे किसी तरह की कार्रवाई की नौबत ना आए. एक मात्र उपाय सभी लोगों को प्रभावित क्षेत्र से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराना है. रैयतों को लेकर उन्होंने कहा कि उनका सर्वे किया जाएगा.2005 में सर्वे हुआ था.अब सीओ सर्वे कर फिर से रिपोर्ट देंगे. उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इधर, धनबाद के केंदुआडीह में जहरीले गैस का कहर लगातार चौथे दिन भी जारी है. लोग लगातार जहरीली गैस की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं. वहीं, क्षेत्र में शासन-प्रशासन का दौरा भी लगातार जारी है.
धनबाद-रांची मुख्य मार्ग भी खतरे मेंः डीसी
कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अच्युत घटक और बीसीसीएल सीएमडी के साथ हुई बैठक के बाद डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि उक्त क्षेत्र में जहरीली गैस का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है. आलम यह है कि धनबाद-रांची मुख्य मार्ग भी अब खतरे में है. ऐसे में वहां के लोगों को विस्थापित करना ही इसका एक मात्र उपाय है. उन्होंने बताया कि जल्द ही उक्त क्षेत्र में विस्थापन को लेकर कैंप लगाया जाएगा और लोगों की मांगें जानने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोग स्वेच्छा से उस जगह को छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले जाएं.
..तो भोपाल गैस त्रासदी जैसी हो जाएगी स्थितिः चंद्रदेव महतो
इधर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने शनिवार को केंदुआडीह पहुंचकर गैस प्रभावित इलाके का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने लोगों से हाल जाना. विधायक ने बीसीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया है. बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों से विधायक असंतुष्ट नजर आए
विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई कारगर उपाय नहीं किए जा रहे हैं. यदि ऐसा ही रहा तो यहां की स्थिति भोपाल गैस त्रासदी जैसी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि अब तक जितने भी अधिकारी यहां आए हैं सभी ने सिर्फ भय का माहौल बनाने का काम किया है. किसी ने भी गैस रिसाव को रोकने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की है.
उन्होंने कहा कि बीसीसीएल लोगों को डरा कर यहां से भगाने पर तुली है, जो होने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि लोगों को यहां से खाली कराना है तो लोगों को समुचित व्यवस्था देनी होगी. केंद्र सरकार की एजेंसियों के माध्यम से गैस रिसाव को बंद करने की जरूरत है, नहीं तो फिर किसी दूसरे जगह से उसके निकलने की व्यवस्था करनी चाहिए. इस दिशा में कोई भी काम नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन जिम्मेदारी से भाग रहा है.
बीसीसीएल की व्यवस्था पर उठाए सवाल
उन्होंने बीसीसीएल के द्वारा दी गई व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है. विधायक ने कहा कि एक जगह में रहने के लिए कैंप बनाया गया है, लेकिन वहां खाने-पीने तक की व्यवस्था नहीं की गई है. सिर्फ दिखावा के लिए कैंप बनाया गया है, ताकि ऊपर में रिपोर्ट दिखाया जा सके. वह सिर्फ अपनी उपलब्धि गिना रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
जहरीली गैस से हुई मौत मामले में GM जीसी साहा सस्पेंड, जेके मेहता को मिली जिम्मेदारी
धनबाद में जहरीली गैस का रिसाव, लोगों को जान का खतरा, शिफ्टिंग ही एक मात्र विकल्प

