ETV Bharat / state

चंद्रा नदी में जमी बर्फ में फंसे पर्यटक, सैलानियों की जिंदगी पर भारी फोटो खींचने का शौक!

लाहौल स्पीति के कोकसर में जमी चंद्रा नदी में मस्ती करना सैलानियों को भारी पड़ गया.

Tourists stranded in frozen River
नदी में जमी बर्फ में फंसे पर्यटक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 12:23 PM IST

|

Updated : January 10, 2026 at 12:55 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लाहौल स्पीति: नए साल पर बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए बाहरी राज्यों से भारी संख्या में सैलानी हिमाचल प्रदेश पहुंच रहे हैं. लाहौल स्पीति में बर्फ देखने और बर्फ के साथ अठखेलियां करने के लिए इन दिनों हजारों सैलानी घाटी का रुख कर रहे हैं. लेकिन, कई बार जोश-जोश में लोग होश खो बैठते हैं, जिसके चलते उनकी जान पर बन आती है. ऐसा ही कुछ लाहौल स्पीति के कोकसर में सामने आया है. बर्फ के बीच फोटो खींचने का शौक दो सैलानियों की जान पर भारी पड़ गया.

पुलिस के अनुसार, इन दिनों लाहौल घाटी में माइनस तापमान के चलते चंद्रा नदी जगह-जगह पर जम चुकी है और उसके ऊपर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है. ऐसे में फोटो खींचने की चाह में सैलानी चंद्रा नदी के ऊपर चढ़ गए. लेकिन, फोटो खींचने का शौक उन पर भारी पड़ गया. दोनों सैलानी नदी में ही फंस गए. आनन फानन में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए उनका रेस्क्यू शुरू किया.

फोटो खींचने पहुंचे नदी में गिरे सैलानी

स्थानीय लगों को अनुसार, नदी के ऊपर मस्ती कर रहे सैलानियों को लगा कि माइनस तापमान के बीच नदी पूरी तरह से जम चुकी है. लेकिन, बीच में अचानक बर्फ टूट गई और दोनों सैलानी नदी में जा गिरे. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया और उसके बाद दोनों को तुरंत रेस्क्यू कर लिया. वरना माइनस तापमान के बीच दोनों की जान को भी खतरा हो सकता था. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

स्थानीय युवकों ने किया रेस्क्यू

स्थानीय निवासी रतन कटोच, जगदीश कुमार ने बताया कि, सैलानियों को लगा कि बर्फ के चलते नदी से उन्हें कोई खतरा नहीं होगा. लेकिन, नदी के बीच में पहुंचते ही अचानक बर्फ टूट गई और दोनों सैलानी नदी में गिर गए. जैसे ही हम लोगों को सूचना मिली तो तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों सैलानियों को बाहर निकाल लिया गया. पुलिस प्रशासन भी लगातार सैलानियों से आग्रह कर रहा है कि वह नदी नालों का रुख न करें.

पुलिस प्रशासन की सैलानियों से अपील

एसपी लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने बताया कि, "पुलिस प्रशासन लगातार सैलानियों को जागरूक कर रहा है. ऐसे में जगह-जगह पर पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं. ताकि सैलानियों के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना न हो सके. क्योंकि, कई बार बार पैर फिसलने के चलते पहले भी लोगों के साथ दुर्घटना पेश आ चुकी है."

ये भी पढ़ें: शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर का बदलेगा स्वरूप, 5.67 करोड़ से होगा जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं को मिलेंगी ये सुविधाएं

ये भी पढ़ें: शिमला में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक, इन राज्यों की पेंटिंग से सजा आदि उत्सव

Last Updated : January 10, 2026 at 12:55 PM IST