बर्फबारी की उम्मीद, एडवेंचर का रोमांच, नए साल पर कुल्लू-मनाली में उमड़ा सैलानियों का सैलाब
नए साल के जश्न के बाद भी बड़ी संख्या में सैलानी कुल्लू-मनाली पहुंच रहे हैं. ज्यादातर सैलानी बर्फबारी की उम्मीद में यहां पहुंचे हुए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:03 PM IST
कुल्लू: नए साल के मौके पर हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली और कुल्लू में सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. नए साल का जश्न मनाने के बाद भी सैलानियों का यहां पहुंचना लगातार जारी है. ठंड और माइनस तापमान के बावजूद पर्यटक घाटी की खूबसूरती, साहसिक खेलों और बर्फबारी की उम्मीद के साथ कुल्लू-मनाली पहुंचे हुए हैं.
नए साल के जश्न के बाद शनिवार को भी मनाली में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे. सैलानियों को अभी भी आसमान से ताजा बर्फबारी की उम्मीद है, ताकि वे बर्फ के बीच मस्ती कर सकें. हालांकि मनाली और सोलंग नाला में फिलहाल बर्फबारी नहीं हुई है, जिससे कुछ सैलानी मायूस भी नजर आ रहे हैं.
अटल टनल से लाहौल घाटी का रुख
बर्फबारी देखने और बर्फ में खेलने की चाह में सैलानी सोलंग नाला से अटल टनल होते हुए लाहौल घाटी का रुख कर रहे हैं. लाहौल घाटी में पहले हुई बर्फबारी के चलते यहां सफेद चादर बिछी हुई है, जहां सैलानी जमकर बर्फ का आनंद ले रहे हैं.
मनाली पहुंचे सैलानी मयूर ने कहा कि यहां प्रदूषण नहीं है और कड़ाके की ठंड के बावजूद घाटी बेहद खूबसूरत है. सैलानी अंकित ने बताया कि नए साल का जश्न मनाने के बाद वे लाहौल घाटी भी गए और अब कुल्लू के पर्यटन स्थलों का आनंद ले रहे हैं. वहीं, सैलानी दीपक और कीर्ति ने कहा कि बादलों के बीच बर्फबारी की उम्मीद बनी हुई है और एडवेंचर गतिविधियों का अनुभव उनके लिए यादगार बन गया है.
प्रशासन ने तय किया वाहनों का समय
मनाली प्रशासन द्वारा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलंग नाला से सुबह 10 बजे के बाद ही वाहनों को अटल टनल होते हुए लाहौल भेजा जा रहा है. वहीं, दोपहर 3 बजे के बाद सभी वाहनों को वापस मनाली की ओर रवाना किया जा रहा है, ताकि सड़क पर जमी ब्लैक आइस के कारण किसी तरह की दुर्घटना न हो.
पर्यटन स्थलों पर उमड़े 80 हजार सैलानी
नए साल के मौके पर जिला कुल्लू के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर करीब 80 हजार सैलानियों ने दस्तक दी. पर्यटन कारोबारियों के लिए यह भीड़ उम्मीद की किरण बनकर आई है. होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े कारोबारियों को अच्छा कारोबार होने की आस है.
माइनस तापमान में भी एडवेंचर का रोमांच
बीते दिनों मनाली की ऊंची चोटियों और लाहौल घाटी में हुई बर्फबारी के बाद तापमान माइनस में चला गया है। इसके बावजूद सैलानियों का उत्साह कम नहीं हुआ। सैलानी ठंडे मौसम में भी व्यास नदी में रिवर राफ्टिंग और ऊंची पहाड़ियों से पैराग्लाइडिंग का रोमांच उठा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पिकअप से टक्कर के बाद बाइक सवार 300 मीटर गहरी खाई में गिरा, मौके पर मौत

