नए साल के जश्न के लिए पैक हुई मनाली, होटलों में डीजे और बोनफायर से होगा सैलानियों का स्वागत
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए मनाली पूरी तरह से तैयार है. पर्यटकों के आने से होटलों में 95 फीसदी तक आक्यूपेंसी चल रही है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 31, 2025 at 6:13 PM IST
|Updated : December 31, 2025 at 6:31 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के पर्यटन नगरी मनाली नए साल के लिए पूरी तरह से सज चुकी है और सैलानियों से पूरी तरह से पैक हो चुकी है. होटल में ऑक्यूपेंसी की बात करें तो यहां पर 95% ऑक्यूपेंसी चल रही है और शाम तक यह 100% तक हो जाएगी. बुधवार को भी सैलानियों का बाहरी राज्यों से आना लगातार जारी है. वहीं बुधवार को घाटी में आसमान में बादल छाए हुए हैं और पर्यटन कारोबारी को उम्मीद है कि सैलानियों को आसमान से बर्फ गिरते हुए देखने का भी मौका मिलेगा.

हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के महाप्रबंधक बीएस ऑक्टा ने कहा, '22 दिसंबर के बाद से लगातार पर्यटन निगम के सभी होटल फुल चल रहे हैं और यहां पर सैलानियों को आकर्षक पैकेज भी दिए जा रहे हैं. मनाली के माल रोड स्थित होटल में भी 31 दिसंबर की रात को जश्न मनाया जाएगा और सैलानियों के लिए भी यहां पर कई तरह की व्यवस्था की गई है'.
पर्यटन कारोबारी ने ली राहत की सांस ली
न्यू साल के जश्न के लिए पर्यटन निगम के होटल के साथ-साथ अन्य होटलों में भी सैलानियों के स्वागत के लिए तैयारी की गई है. जिसमें डीजे, संगीत और बोनफायर भी शामिल है. आपदा के बाद उमड़ी सैलानियों की भीड़ के चलते अब पर्यटन कारोबारी ने भी राहत की सांस ली है. सैलानी अधिक से अधिक मनाली आकर्षित हो, इसके लिए पर्यटन कारोबारी द्वारा उन्हें डिस्काउंट भी दिया जा रहा है. वही माल रोड को भी पूरी तरह से सजाया गया है और शाम के समय सैलानियों के लिए यहां पर डीजे की भी व्यवस्था की गई है. सैलानी दिन भर आसपास के पर्यटन स्थलों में घूमने का मजा ले रहे हैं और शाम के समय माल रोड पर डीजे के धुन पर भी खूब मस्ती कर रहे हैं.

होटलों में सैलानियों के लिए खास व्यवस्था
मनाली के पर्यटन कारोबारी विकास कात्यायन ने बताया, 'निजी होटल में भी सैलानियों के स्वागत के लिए कई तरह के कार्यक्रम किया जा रहे हैं. आपदा के बाद से मनाली खाली चल रही थी. लेकिन दिसंबर महीने में सैलानियों की आवश्यक शुरू हुई और 25 दिसंबर के बाद लगातार मनाली में सैलानियों का आना जारी है. ऐसे में अगर आसमान से बर्फ गिरती है तो इससे सैलानियों का उत्साह भी बढ़ेगा और जनवरी माह में भी पर्यटन कारोबार अच्छा रहेगा'.
जनवरी माह में भी बेहतर पर्यटन कारोबार की उम्मीद
मनाली के पर्यटन कारोबारी राज का कहना है, 'प्रशासन द्वारा भी सैलानियों के लिए यहां पर बेहतर व्यवस्था की गई है. मनाली आने वाले सैलानी अब इसी बात का इंतजार कर रहे हैं कि कब उन्हें आसमान से बर्फ गिरते हुए देखने का मौका मिलेगा. बुधवार को घाटी में मौसम खराब चल रहा है और उम्मीद है कि आसमान से बर्फबारी होगी. अगर अभी बर्फबारी होती है तो इसे जनवरी माह में भी पर्यटन कारोबार बेहतर होगा'.

माल रोड को सजाया गया, प्रशासन ने की डीजे की व्यवस्था
नए साल के जश्न के लिए प्रशासन द्वारा पर्यटन नगरी मनाली में माल रोड को सजाया गया है. यहां पर प्रशासन ने डीजे की भी व्यवस्था की है, जो शाम 6 बजे लेकर रात 9 बजे तक चलती रहती है. ऐसे में सैलानी दोपहर के समय मनाली के आसपास के स्थलों की ओर घूमने निकल जाते हैं और शाम के समय डीजे की धुन पर मनाली के माल रोड पर जश्न मनाने के लिए भी पहुंचते हैं.

टूरिस्ट ले रहे रिवर राफ्टिंग का आनंद, बर्फबारी का इंतजार
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए जिला कुल्लू के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सैलानियों का आना लगातार जारी है. सैलानी यहां रोहतांग दर्रा अटल टनल बंजार मणिकर्ण के विभिन्न इलाकों का भी रुख कर रहे हैं. इसके अलावा साहसिक गतिविधियों का भी सैलानी लगातार मजा उठा रहे हैं. सैलानी ब्यास नदी में ठंडे पानी के बीच भी रिवर राफ्टिंग का भी आनंद उठा रहे हैं. अब सैलानियों को बस आसमान से बर्फ गिरने का भी इंतजार है. ताकि नए साल का जश्न उनका यादगार बन जाए.

ये भी पढ़ें: नए साल के लिए शिमला तैयार, सड़क से लेकर माल रोड और रिज तक ये हैं प्रशासन के इंतजाम

