हरिद्वार में पर्यटकों की शर्मनाक हरकत, हरकी पैड़ी क्षेत्र में शराब पीकर मचाया हुड़दंग, महिलाओं से की अभद्रता
हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में पर्यटकों ने शराब पीकर हुड़दंग मचाया और महिलाओं से अभद्रता की. इसका वीडियो भी सामने आया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 27, 2026 at 12:45 PM IST
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में तीर्थ क्षेत्र की मर्यादा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है. देर रात चार यात्रियों ने शराब पीकर जमकर हंगामा काटा. आरोप है कि यात्रियों ने महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की. साथ ही हरकी पैड़ी पर गंगा में नहाते समय हुड़दंग मचाया. स्थानीय लोगों ने यात्रियों की शर्मनाक हरकत का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.
घटना बीती देर रात की बताई जा रही है. आरोप है कि चार पर्यटक हरकी पैड़ी पर आए हुए थे. चारों ने शराब पी हुई थी. चारों यात्री जब बाजार में पहुंचे तो उनके पैर लड़खड़ा रहे थे. उनसे ठीक से चला भी नहीं जा रहा था. इतना ही नहीं, चारों महिलाओं से अभद्र व्यवहार भी कर रहे थे. इस घटना को स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर भी किया जा रहा है. वीडियो महिलाओं से भी अभद्रता की हरकतें भी कैद हुई है.
बताया जा रहा है कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में युवक शराब के नशे में उत्पात मचा रहे थे. जब युवकों ने हुड़दंग की हदें पार कर दी तो, आसपास मौजूद तीर्थ पुरोहित और अन्य लोग एकत्रित हो गए. मौके पर मौजूद तीर्थ पुरोहितों और स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर शेयर भी किया जा रहा है. इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पहले तो लोगों ने शराब के नशे में धुत युवकों को काफी खरी खोटी सुनाई और फिर पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और संबंधित युवकों को गंगा घाट से ही हिरासत में ले लिया. पुलिस के पहुंचने पर कुछ युवकों ने भागने का प्रयास किया. वहीं एक युवक तो इतना नशे में था कि उससे गंगा से बाहर तक नहीं निकला जा रहा था. उसके पैर लड़खड़ा रहे थे. पुलिस ने सबको हिरासत में लिया और थाने लाया गया.
गौरतलब है कि ऋषिकेश की घटना के बाद पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर हरियाणा और उत्तराखंड के लोगों के बीच तीखी बयानबाजी और विवाद की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में हरिद्वार से सामने आई हरियाणा के युवकों की इन हरकतों ने फिर से हरियाणा के पर्यटकों को लिए गलत संदेश देने का काम किया है. इसके साथ ही देवभूमि की गरिमा को ठेस पहुंचाने का भी काम किया है.
प्रशासन से हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है. ताकि धर्मनगरी की मर्यादा बनाए रखी जा सके.
-उज्ज्वल पंडित, तीर्थ पुरोहित-
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है. हरकी पैड़ी क्षेत्र में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है.
-संजीत कंडारी, चौकी इंचार्ज, हरकी पैड़ी-
ये भी पढ़ें:

