पर्यटकों से गुलजार हुआ अलवर, सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी फुल, नए साल का जश्न मनाने पहुंचने लगे सैलानी
क्रिसमस के बाद अब नए साल को मनाने के लिए अलवर में पर्यटक पहुंच रहे हैं.

Published : December 27, 2025 at 11:05 AM IST
|Updated : December 27, 2025 at 11:44 AM IST
अलवर : क्रिसमस के साथ ही विंटर वेकेशन का दौर शुरू हो गया है. लोग परिवार सहित छुट्टियों का आनंद उठाने पर्यटन स्थलों पर पहुंचने लगे हैं. यही कारण है कि अलवर जिले के ज्यादातर पर्यटन स्थल इन दिनों पर्यटकों से गुलजार दिखाई पड़ रहे हैं. सर्दी का सितम भी प्रमुख पर्यटन स्थल सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी का लुत्फ उठाने वाले पर्यटकों का उत्साह रोक नहीं पा रहा है. वहीं, ऐतिहासिक सिलीसेढ़ झील पर पर्यटक बोटिंग का आनंद लेने में पीछे नहीं हैं. हालांकि, बाला किला पर जाने वाले रास्ता टूटा होने से पर्यटकों को वहां जाने की अनुमति नहीं है. इस कारण वैपन म्यूजियम में प्रदर्शित हथियार नहीं देख पाने से लोग मायूस भी हैं.
नया साल आने वाला है. ऐसे में लोग साल के अंत में अवकाश लेकर घूमने-फिरने का आनंद लेने के लिए पर्यटन स्थलों की ओर निकल चुके हैं. यही कारण है कि क्रिसमस व उसके अगले दिन सरिस्का टाइगर रिजर्व में बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी के लिए पहुंचे. पर्यटकों का आलम यह था कि 25 दिसंबर से ही सरिस्का में जिप्सियां व कैंटर में बुकिंग फुल चल रही है. ऐसी स्थिति में पूर्व में ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले पर्यटक ही सरिस्का में सफारी का लुत्फ उठा पा रहे हैं. ऑफलाइन बुकिंग करा सरिस्का में बाघ दर्शन की चाहत रखने वाले पर्यटकों को मायूस होना पड़ रहा है. सरिस्का में यह स्थिति न्यू ईयर तक रहने की संभावना है.
पढ़ें. सरिस्का में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए सफारी और होटल बुकिंग फुल, बाघ दर्शन की आस में पर्यटक उत्साहित
सरिस्का के रेंजर हेमेंद्र सिंह ने बताया कि क्रिसमस से ही सरिस्का में देसी और विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. सुबह व दोपहर की सफारी फुल चल रही है. पर्यटकों को लगातार टाइगर की साइटिंग हो रही है. शुक्रवार को भी बाघिन एसटी-7 पर्यटकों को सफारी के दौरान दिखाई दी है. इससे पूर्व बाघिन एसटी- 30 शावकों के साथ दिखाई दी है. बाघिन एसटी-9 और बाघ-2304 भी पर्यटकों को खूब दिख रहे हैं. सरिस्का में एक दिन में एक हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं. इन दिनों विदेशी पक्षी भी सरिस्का में पहुंच रहे हैं, जिनका भी दीदार पर्यटकों को होता है.
सिलीसेढ़ पर भी पर्यटकों की बढ़ी चहल पहल : सिलीसेढ़ लेक पैलेस के मैनेजर उत्तम शर्मा ने बताया कि विंटर वेकेशन की शुरुआत के साथ ही ऐतिहासिक सिलीसेढ़ झील पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है. झील में सुबह से शाम तक बोटिंग करने वाले पर्यटकों की भीड़ दिखाई पड़ रही है. सिलीसेढ़ झील पर प्रतिदिन 2500 से ज्यादा पर्यटक पहुंच रहे हैं. पर्यटकों की भीड़ भाड़ का यह दौर नए साल के स्वागत तक रहने की उम्मीद है. सिलीसेढ़ झील के बोट संचालक भागीरथ ने बताया कि सर्दियों की छुट्टियों में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि सिलीसेढ़ आने वाले ज्यादातर पर्यटकों में बोटिंग को लेकर उत्साह है.

पढ़ें. क्रिसमस पर सैलानियों से गुलजार हुई गुलाबी नगरी, आमेर बना आकर्षण का केंद्र, रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद
वेपन म्यूजियम में नहीं देख पा रहे ऐतिहासिक हथियार : ऐतिहासिक बाला किला में स्थित वेपन म्यूजियम का लुत्फ नहीं उठा पाने से पर्यटक मायूस हैं. कारण है कि अलवर शहर के समीप स्थित बाला किला तक जाने के लिए सड़क कुछ महीने क्षतिग्रस्त होकर धंस गई थी. पहाड़ी क्षेत्र में सड़क धंसने से कोई हादसा नहीं हो, इसको देखते हुए बाला किला रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई थी. यही कारण है कि पर्यटक बाला किला नहीं पहुंच पा रहे हैं. अलवर का बाला किला कुंवारा किला के नाम से जाना जाता है और इसकी भव्यता को निहारने के लिए दूर दराज से पर्यटक आते हैं.
राजशाही जमाने के हथियारों का प्रदर्शन : बाला किला परिसर में प्रदेश का पहला वेपन म्यूजियम भी शुरू किया गया है, जिसमें राजशाही जमाने के हथियारों का प्रदर्शन किया गया है. इसके अलावा बाला किला सरिस्का के बफर जोन में होने के कारण यहां भी टाइगर का विचरण रहता है, लेकिन रोड खराब होने से न तो बफर जोन में सफारी कर पा रहे हैं और न ही वेपन म्यूजियम में ऐतिहासिक हथियारों को देख पा रहे हैं. बाला किला की खूबसूरती को भी नहीं निहार पा रहे हैं.

पढ़ें. क्रिसमस पर घना हुआ गुलजार: केवलादेव में उमड़े 1226 पर्यटक, लगाने पड़े 120 अतिरिक्त ई-रिक्शा
अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ भाड़ : अलवर जिले को पर्यटन स्थलों की खान कहा जाता है. अलवर शहर में मूसी महारानी की छतरी, ऐतिहासिक तरणताल सागर, कंपनी बाग स्थित शिमला, फतहजंग की गुम्बद सहित डढ़ीकर व केसरोली फोर्ट आदि पर्यटन स्थल है. विंटर वेकेशन में इन पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही अच्छी संख्या में हो रही है. इसके अलावा नीमराणा फोर्ट, तिजारा फोर्ट आदि भी पर्यटकों की चहल-पहल दिखाई पड़ रही है. भूतिया किला कहे जाने वाले अजबगढ़-भानगढ़ में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं.
विदेशी पर्यटकों ने साझा किए अनुभव : फ्रांस से आए एक पर्यटकों के ग्रुप ने बताया कि वह 6 दिनों के लिए भारत भ्रमण पर आए हैं. उन्होंने इसकी शुरुआत अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी से की है. यहां सफारी के दौरान उन्हें कई वन्यजीव देखने को मिले. नए साल की शुरुआत सरिस्का में सफारी से बेहतर नहीं हो सकती. यह ग्रुप तीन दिनों तक सरिस्का में रहेगा, इसके बाद दूसरे स्थलों को निहारने के लिए जाएगा. ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि वह पहली बार सरिस्का आए है, यह अनुभव अच्छा रहा.

