UP में स्वाइन फ्लू के 685 मामले; पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह चपेट में आए, स्वास्थ्य मंत्री ने की यह अपील
जांच में पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर पर्यटन मंत्री क्वारंटीन हो गए हैं और प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 11:01 AM IST
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी संक्रमित हो गए हैं. मंगलवार को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में हुई जांच में उनमें इन्फ्लुएंजा H1N1 यानि स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है.
KGMU से जानकारी दी गई है कि मंत्री को पिछले कई दिनों से बुखार था. वह फिरोजाबाद दौरे पर थे, जहां जांच नहीं करा सके. लखनऊ लौटने पर उन्होंने टेस्ट कराया. मलेरिया नेगेटिव आया, लेकिन H1N1 पॉजिटिव निकला. इसके बाद वह डॉक्टरों की सलाह पर क्वारंटीन हो गए हैं और प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. 29 अगस्त को जहां प्रदेश में 551 मरीज थे, वहीं 1 सितंबर को यह आंकड़ा बढ़कर 685 हो गया है. यानी महज 3-4 दिन में 134 नए मामले बढ़े हैं.
इनमें आधे से ज्यादा मामले केवल NCR के तीन जिलों गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और गाजियाबाद के हैं. गौतमबुद्ध नगर में सबसे ज्यादा 189 केस, लखनऊ में 113, मेरठ में 54 और गाजियाबाद में 32 केस रिपोर्ट हुए हैं. प्रदेश के कुल 57 जिलों में संक्रमण फैल चुका है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभी तक स्वाइन फ्लू से किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. विभाग ने हर संदिग्ध मौत का डेथ ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं. ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा.
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले की समीक्षा की है. बृजेश पाठक ने बताया कि सभी अस्पतालों में फीवर OPD, फीवर डेस्क, आइसोलेशन बेड आरक्षित करने, दवा और जांच किट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़ में मास्क पहनने, हाथ धोने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: UP के इन जिलों में आज School Holiday, जानिए कितनी क्लास तक के स्कूल रहेंगे बंद

