ETV Bharat / state

गया में टॉप 10 अपराधियों में शुमार कुख्यात दीपक रवानी समेत 3 गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल और कारतूस जब्त

गया में टॉप 10 अपराधियों में शुमार कुख्यात दीपक रवानी गिरफ्तार, निशानदेही पर पुलिस ने इसके दो साथी को भी पकड़ा. हथियार और कारतूस बरामद.

NOTORIOUS DEEPAK RAWANI
कुख्यात दीपक रवानी गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 3, 2026 at 1:25 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गया: बिहार के गया जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. परैया थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात दीपक रवानी उर्फ रविंद्र रवानी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई में उसके दो साथी पिंकू पासवान और राजेश यादव उर्फ मुन्नी यादव भी दबोचे गए. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोईरीबिगहा इलाके में कुछ अपराधी हथियार लैस होकर सक्रिय हैं, जिसके आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी की.

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम: टिकारी एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने परैया थाना के बुढ़ परैया इलाके में घेराबंदी की. टीम ने दीपक रवानी को पहले गिरफ्तार किया, जहां उसके पास से एक लोडेड पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई. दीपक रवानी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथियों पिंकू पासवान (चंदौती क्षेत्र) और राजेश यादव (गुरारू थाना क्षेत्र) को भी पकड़ा. कुल बरामदगी में दो देसी कट्टा, एक लोडेड पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक बाइक शामिल है.

कुख्यात दीपक रवानी गिरफ्तार (ETV Bharat)

दीपक रवानी पर दर्जन भर मामले: दीपक रवानी काफी कुख्यात अपराधी रहा है, जिस पर गया और नवादा पुलिस के विभिन्न थानों में कुल 12 मामले दर्ज हैं. वह क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर दहशत फैलाए हुए था. पुलिस के अनुसार, उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और वह कई गंभीर अपराधों में वांछित था.

साथियों का आपराधिक रिकॉर्ड: दीपक रवानी के साथ गिरफ्तार पिंकू पासवान पर पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें चंदौती थाने में तीन, कोतवाली में एक और गुरारू में एक केस शामिल है. वहीं, राजेश यादव उर्फ मुन्नी यादव पर एक मामला दर्ज पाया गया है. पुलिस इन सभी के पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

एसडीपीओ ने बताया कार्रवाई का विवरण: एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह सफल कार्रवाई की गई. तीनों अपराधियों को हथियारों के साथ पकड़ा गया है और वे क्षेत्र में अपराध की वारदातों में सक्रिय थे. पुलिस ने इसे अपराधियों पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

"दीपक रवानी समेत तीन अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है. दीपक रवानी पर दर्जन भर केस दर्ज हैं. वहीं, इसके साथ ही पिंकू पासवान और राजेश यादव की गिरफ्तारी हुई है. गुप्त सूचना के आधार पर इन सभी की गिरफ्तारी की गई. इनके पास से कई हथियार बरामद हुए हैं." - सुशांत कुमार चंचल, एसडीपीओ, टिकारी

क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रयास: यह गिरफ्तारी गया जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सतत कार्रवाई का हिस्सा है. पुलिस का कहना है कि ऐसे कुख्यात तत्वों को पकड़कर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस अब इन अपराधियों के अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है. बरामद हथियारों की जांच के साथ ही उनके अपराधों की गहराई से छानबीन की जा रही है.

ये भी पढ़ें-

मरीन ड्राइव पर मुठभेड़, शार्प शूटर को दौड़ाकर मारी गोली

बिहार में STF पर जानलेवा हमला, कुख्यात आरोपी को पकड़ने गई टीम से छीना हथियार, कई जवान घायल

बिहार में सुबह-सुबह एनकाउंटर, STF ने कुख्यात को मारी गोली