ETV Bharat / state

हरियाणा में सर्दी की विदाई शुरू: दिन में 29°C तक पहुंचा पारा, सुबह-शाम ठंड का हल्का असर बरकरार

हरियाणा में तापमान बढ़ने से सर्दी कम हो रही है. दिन में गर्मी बढ़ी, सुबह-शाम हल्की ठंड, कई शहरों में पारा 27 डिग्री पार.

Haryana Weather Update
Haryana Weather Update (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 22, 2026 at 7:43 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़: हरियाणा में अब मौसम बदलने लगा है. सर्दी धीरे-धीरे कम हो रही है. पिछले कुछ दिनों से दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. हालांकि हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है. दिन और रात के तापमान में अभी भी अंतर बना हुआ है. इसी कारण लोगों को सुबह और देर रात ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दिन में धूप तेज होने से मौसम गर्म महसूस हो रहा है.

सामान्य से ज्यादा तापमान दर्ज: भारत मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार अब धूप तेज होने लगी है और ठंड का असर सीमित होता जा रहा है. दिन के समय लोग हल्के कपड़ों में नजर आने लगे हैं, जबकि सुबह और शाम को अभी भी हल्की गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है.

कई शहरों में 27 डिग्री से ऊपर पहुंचा तापमान: राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है. पलवल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा भिवानी में 28.1 डिग्री, नूंह में 27.9 डिग्री, गुरुग्राम में 27.8 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 27.6 डिग्री और नारनौल में 27.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. हिसार में भी पारा 27 डिग्री तक पहुंच गया. इन शहरों में दोपहर के समय धूप तेज रहने से गर्मी का असर साफ देखा गया.

रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा: न्यूनतम तापमान के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में किसी भी शहर में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे नहीं गया. हिसार में सबसे कम 10.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 12 से 14 डिग्री के बीच रहा. इससे रात में ठंड का असर पहले के मुकाबले कम हो गया है. हालांकि सुबह के समय अभी भी हल्की ठंड महसूस हो रही है.

आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है तापमान: मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. दिन में धूप तेज रहेगी और ठंड का असर धीरे-धीरे खत्म होगा. मौसम साफ रहने की संभावना है. इस बदलाव के साथ ही प्रदेश में सर्दी का मौसम अब खत्म होने की ओर बढ़ रहा है और गर्मी की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं.

ये भी पढ़ें- हरियाणा में मौसम का डबल असर: सुबह 50 मीटर विजिबिलिटी वाली धुंध, दोपहर में 30 सेल्सियस के करीब पहुंचा तापमान