कानपुर-सागर हाईवे पर चलते ट्रक का टायर निकलकर दुकान में घुसा, महिला की मौत
हादसे में कुल चार लोग हुए थे घायल, महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 8:45 PM IST
कानपुर: कानपुर-सागर हाईवे के किनारे बसे पतारा कस्बे में बुधवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक चलते-चलते निकल गया. भारी-भरकम टायर सड़क पर उछलते हुए हाईवे किनारे स्थित एक परचून की दुकान के अंदर जा घुसा. इस हादसे में दुकान में मौजूद चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई.
पतारा कस्बे के ज्ञान प्रकाश पाण्डेय कानपुर-सागर हाईवे के किनारे ही रहते हैं और उनके घर के बाहरी हिस्से में परचून की दुकान है. बुधवार देर शाम दुकान पर ज्ञान प्रकाश की पत्नी अर्चना देवी और उनके पड़ोस में रहने वाली आशा देवी बैठी हुई थीं. इसी दौरान कानपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक खुलकर अलग हो गया. ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टायर तेजी से उछला और दुकान के बाहर खड़े एक युवक उवैस को टक्कर मारते हुए दुकान के टिन शेड को तोड़कर सीधा अंदर जा गिरा.
टायर की जोरदार टक्कर से दुकान के अंदर बैठी अर्चना देवी, आशा देवी और बाहर मौजूद उवैस सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और आनन-फानन में सभी घायलों को पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने तीन घायलों की स्थिति सामान्य देखते हुए उन्हें घर भेज दिया, लेकिन आशा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान आशा देवी ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. दुकानदार ज्ञान प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि टायर ने दुकान के अंदर घुसकर भारी तबाही मचाई, जिससे दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया.
यह भी पढ़ें: कौन था थारन्टन स्मिथ ? जिसके नाम की जंजीर को तोड़ना चाहते हैं मितौली के ग्रामीण

