बोर्ड परीक्षा में हाई-स्कोरिंग के लिए गणित के सूत्र और विज्ञान के डायग्राम से जुड़े दिए टिप्स, शिक्षक छात्रों से करेंगे शेयर
इस बार परीक्षा एक महीने होगी, जो छात्रों के लिए बड़ी चुनौती है. इसे देखते पुरस्कृत शिक्षक फोरम ने शिक्षकों को दिए टिप्स.

Published : January 11, 2026 at 3:50 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर में बोर्ड परीक्षा की तैयारी और अच्छे अंक लाने के लिए शिक्षकों को छात्रों को दिए जाने वाले टिप्स से अवगत कराया गया. इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं करीब 1 महीने पहले होने के कारण छात्रों को परीक्षाओं में परेशानी ना आए, इसलिए पुरस्कृत शिक्षक फोरम राजस्थान ने ये पहल की. यहां विषय विशेषज्ञों ने हाई स्कोरिंग के लिए विज्ञान के डायग्राम और गणित के सूत्र से जुड़े टिप्स दिए. साथ ही टाइम मैनेजमेंट का पाठ भी पढ़ाया. इन्हें शिक्षक अपने-अपने जिलों के छात्रों तक पहुंचाएंगे.
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी तक कराएगा. नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा. ऐसे में शिक्षा विभाग इस बार परीक्षा तय समय से करीब एक महीने पहले करा रहा है. ऐसे में सीमित समय में परीक्षा की तैयारी छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. इसी चुनौती को ध्यान में रखते पुरस्कृत शिक्षक फोरम की ओर से शिक्षक सम्मेलन कर छात्रों के लिए परीक्षा टिप्स दिए गए. सेकेंडरी परीक्षा तैयारी टिप्स पुस्तिका दी गई.
पढ़ें: RBSE 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा 12 फरवरी से, 19.86 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
20 से 30 प्रतिशत तक अधिक अंक : पुरस्कृत शिक्षक फोरम के महासचिव रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि यदि छात्र परीक्षा तैयारी के दौरान विशेष तकनीक, स्मार्ट स्टडी और विशेषज्ञों के टिप्स अपनाएं तो 20 से 30 प्रतिशत तक अधिक अंक प्राप्त कर सकते हैं. इसी उद्देश्य से सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा तैयारी टिप्स पुस्तिका का वितरण भी किया गया. शर्मा ने कहा कि इस वर्ष नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होने और शिक्षकों की ओर से किए एसआईआर (SIR) कार्य के कारण छात्रों की नियमित पढ़ाई प्रभावित रही है. साथ ही बोर्ड परीक्षाएं सामान्य वर्षों की तुलना में करीब एक महीने पहले हो रही हैं. ऐसे में विशेषज्ञों के टिप्स और पुस्तिका छात्रों के लिए बेहद सहयोगी सिद्ध होंगी. इसे राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पुरस्कृत शिक्षकों ने मिलकर तैयार किया है.
टाइम मैनेजमेंट सिखाएगी: प्रदेश कार्यालय मंत्री महेश बाबू शर्मा ने बताया कि इस बार सीमित समय में परीक्षा की तैयारी छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण है. इसी को ध्यान में रखते राज्यभर के पुरस्कृत शिक्षकों को परीक्षा की रणनीति, टाइम मैनेजमेंट, अधिकतम अंक लाने के तरीके और विषयवार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया. गणित में सूत्रों और विज्ञान में डायग्राम आधारित तैयारी पर विशेष जोर दिया, ताकि छात्र कम समय में बेहतर समझ विकसित कर सकें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां मौजूद रहे शिक्षक इन टिप्स को अपने-अपने जिलों में छात्रों तक पहुंचाएंगे और उन्हें परीक्षा के लिए प्रेरित करेंगे.

