ETV Bharat / state

अगर बकाया है हाउस टैक्स तो 31 मार्च तक है समय, इस तरह करें चेक, घर बैठे जमा

बनारस में 1264 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई कर चुका है नगर निगम.

वाराणसी नगर निगम.
वाराणसी नगर निगम. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 24, 2026 at 8:02 PM IST

|

Updated : February 24, 2026 at 8:09 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी : राजस्व वसूली को लेकर नगर निगम ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है. इस क्रम में बकायेदारों को पूर्व में नोटिस भी दिया जा चुका है. इसके बावजूद करीब एक लाख से अधिक भवन स्वामी अब तक टैक्स नहीं जमा किए हैं. इसे देखते हुए निगम एक माह के भीतर 1264 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई करते हुए कुर्की भी कर चुका है. हालांकि, सीलिंग की कार्रवाई के बाद भवन स्वामी टैक्स जमा कर रहे हैं.

नगर निगम स्वर्णिम छूट' योजना के तहत 31 मार्च तक जलकर और सीवर कर के पुराने ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट की घोषणा की है. ऐसे में 35 दिनों के बाद भवन स्वामियों को ब्याज सहित टैक्स जमा करना होगा. शहर में कुल 233708 भवन गृहकर, जलकर व सीवर कर के दायरे मे है. इन भवनों पर कुल 434.65 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है. जब कि वर्तमान वित्तीय वर्ष (2025-26) में कुल 225.05 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है. वहीं तय टारगेट से अब तक 142.59 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित की है, जो कुल लक्ष्य का करीब 63.36 प्रतिशत है.

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने वाले भवन स्वामियों को अगले वित्तीय वर्ष में किसी भी प्रकार की छूट का लाभ नहीं मिलेगा और उनसे ब्याज के साथ वसूली की जाएगी. अब वसूली अभियान नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही करने का निर्देश दिया है. दूसरी ओर ​वसूली के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक गृहकर के मद में 58.16 करोड़ और जलकल के मद में 84.44 करोड़ रुपये जमा हुए हैं. इसमें भेलूपुर जोन 81.80 प्रतिशत की वसूली के साथ सबसे आगे है, जबकि वरुणापार जोन ने भी 78.19 प्रतिशत का आंकड़ा छू लिया है. वहीं आदमपुर और कोतवाली वसूली लक्ष्य से अब भी काफी दूर है.

कैसे जमा करें हाउस टैक्स

भवन स्वामियों की सुविधा के लिए जोनवार कैंप लगाया जा रहा है.
घर बैठे क्यूआर कोड व निगम की वेबसाइट पर आनलाइन भी टैक्स जमा किया जा सकता है.
आप निगम की वेबसाइट https://nnvns.org.in/PropertyPayment/Mutation_Citizen पर जाएं.
यहां पर जाने के बाद अपने घर का पता या यूनिक आईडी नंबर मौजूद हो, उसे इंटर कर अपनी डिटेल देखें और बकाए बिल का भुगतान ऑनलाइन करें.
बिल का भुगतान होने के बाद आप ऑनलाइन इन्वॉयस डाउनलोड कर सकते हैं और अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी पर भी ले सकते हैं.
जिन भवन स्वामियों ने अभी तक अपना संपत्ति कर (हाउस टैक्स) और जलकर जमा नहीं किया है, उनके पास 31 मार्च तक का अंतिम मौका है

जोनवार वसूली की प्रगति रिपोर्ट (करोड़ में)
1. भेलूपुर 35.43 28.98 81.80 प्रतिशत
2. वरुणापार 31.47 24.61 78.19 प्रतिशत
3. दशाश्वमेध 46.71 33.44 71.59 प्रतिशत
4. ऋषि माण्डवी 4.47 3.56 79.58 प्रतिशत
5. कोतवाली 27.00 17.90 66.29 प्रतिशत
6. सारनाथ 28.06 15.09 53.77 प्रतिशत
7. आदमपुर 33.13 14.39 43.43 प्रतिशत
8. रामनगर 0.48 0.68 143.42 प्रतिशत
9. हेड ऑफिस 18.30 3.95 21.58 प्रतिशत

कुल योग 225.05 142.59 63.36 प्रतिशत

खास बातें

नगर निगम ने की 1264 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई.
31 मार्च तक स्वर्णिम अवसर, टैक्स जमा करने पर ब्याज में शत प्रतिशत की मिल रही है छूट.
नगर आयुक्त ने की भवन स्वामियों से लाभ उठाने की अपील, जमा न करने पर अगले वर्ष ब्याज सहित होगा चुकाना.
शहर में पंपलेट बांटकर किया जा रहा जागरूक, घर बैठे आनलाइन टैक्स जमा करने की भी सुविधा.

यह भी पढ़ें: होली पर रोडवेज की खास तैयारी; जिस रूट पर यात्रियों की ज्यादा भीड़, चलेंगी अतिरिक्त बसें, चालकों को प्रोत्साहन राशि

Last Updated : February 24, 2026 at 8:09 PM IST