तंबाकू नहीं दिया तो किसान की ली जान, धारदार हथियार सहित आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
टीकमगढ़ में खेत पर रखवाली कर रहे किसान की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल कुलहाड़ी भी जब्त.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 14, 2026 at 1:41 PM IST
टीकमगढ़: खेत पर रखवाली कर रहे किसान की बीते दिन कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने का मामला सामने आया था. पुलिस ने इस घटना की जांच करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया है. जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि "मझगुवां गांव स्थित टेड़ा हार खेत में किसान की हत्या की सूचना मिली थी. जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी थी. घटनास्थल पर एफएसएल टीम, डाग स्क्वायड टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से छानबीन शुरू की गई. इस मामले में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है."
संदिग्ध हालत में मिला था किसान का शव
दिगौड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगुवां में बीते रोज एक किसान का शव खेत पर संदिग्ध हालत में मिला था. लोगों ने शव की सूचना पुलिस को दी थी. वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जता कर धामना तिगैला पर जाम लगाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने समझाइश और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया. जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू की गई और बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
फसल की रखवाली करने गया था मृतक
मृतक के बेटे मुकेश साहू ने पुलिस को बताया कि "उसके पिता भगवान दास साहू खेत पर रोज की तरह गये थे. वहां टपरा बना कर रात में खेत पर ही रहते थे. 11 जनवरी को रात 9 बजे वे घर से खाना खाकर फसल की रखवाली करने निकले थे. सुबह लोगों ने घटना की सूचना दी, तो खेत पर जाकर देखा. जहां पिता भगवान दास मृत पड़े मिले." मुकेश ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से उनकी हत्या की है. पीड़ित मुकेश साहू की रिपोर्ट पर दिगौड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
तंबाकू को लेकर हुआ था विवाद
एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि "भगवान दास साहू उम्र 58 साल अपने खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गया था. वहां पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात में किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसकी जांच के दौरान विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी अनुसार साहिब सिंह परमार पर संदेह स्थापित हुआ. जांच में सामने आया कि तंबाकू को लेकर आरोपी और किसान के बीच विवाद हुआ था.

- भोपाल में बॉय फ्रेंड ने की गर्ल फ्रेंड की हत्या, दूसरी मंजिल से धक्का देकर उतारा था मौत के घाट
- बॉडी पर 7 चोट से स्पष्ट होता है हत्या का इरादा, हाईकोर्ट ने पत्नी के हत्यारे की उम्रकैद को रखा बरकरार
इसी विवाद के कारण आरोपी ने हत्या की नीयत से किसान पर जानलेवा हमला किया. पुलिस ने मझगुवां तालाब के पास से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है."

