ETV Bharat / state

टीकमगढ़ को 3 अक्टूबर को मिलेगा नया नगरपालिका अध्यक्ष, उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित

टीकमगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष उपचुनाव का ऐलान, 29 सितंबर को होगा मतदान. 3 अक्टूबर को मिलेगा नया नपा अध्यक्ष. राजेश कुमार फणीन्द्र की रिपोर्ट.

TIKAMGARH MUNICIPAL ELECTION
नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी के लिए उपचुनाव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 2, 2026 at 1:43 PM IST

|

Updated : September 2, 2026 at 3:33 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

टीकमगढ़: नगरपालिका अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है. नगरपालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. इसके तहत टीकमगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 29 सितंबर को जनता मतदान करके अपना जनादेश देगी. ये पहला मौका है जब इस क्षेत्र में इस तरह के उपचुनाव हो रहे हैं.

शहर का राजनीतिक तापमान गरमाया

टीकमगढ़ के राजनैतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ेगा, क्योंकि नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए पहली बार उपचुनाव होने जा रहा है. उपचुनाव के ऐलान के बाद शहर का राजनीतिक तापमान अपने चरम पर पहुंच गया है. चाय की दुकानों से लेकर पार्टियों के दफ्तरों तक, बस एक ही चर्चा है कि आखिर शहर की बागडोर किसके हाथ होगी.

नगरपालिका अध्यक्ष के लिए 29 सितंबर को मतदान (ETV Bharat)

3 अक्टूबर को मिलेगा नया नपा अध्यक्ष

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 8 सितंबर से निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी. 15 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे और 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी. जबकि 18 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख है. इसी दिन अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे.

मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 बजे से

इसके बाद चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी. मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा. मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा. मतदाताओं को नोटा का विकल्प भी मिलेगा. खास बात यह है कि अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष निर्वाचन के तहत होगा, यानी नगरपालिका क्षेत्र के पात्र मतदाता सीधे अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे. इसके बाद 3 अक्टूबर को 9 बजे से मतगणना और निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद टीकमगढ़ को नया नगरपालिका अध्यक्ष मिलेगा.

TIKAMGARH MUNICIPAL ELECTION ANNOUNCE
टीकमगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष उपचुनाव का ऐलान (ETV Bharat)

ये है पहली बार उपचुनाव की वजह

गौरतलब है कि पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार (पप्पू मलिक) के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग का आरोप लगा था. इस मामले में नगरीय विकास विभाग द्वारा उन्हें अयोग्य घोषित कर पद से पृथक कर दिया गया था. इसके साथ ही उनके 5 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई है. जिससे अध्यक्ष पद खाली होने के कारण अब उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा को प्रभारी अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन अब राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की अधिसूचना जारी की है.

हमेशा सुर्खियों में रहने वाली 27 वार्डों की टीकमगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद के लिए जैसे ही उपचुनाव की तारीख तय हुई, टीकमगढ़ की राजनीतिक गलियारों में सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के खेमों में हलचल बढ़ गई है. जहां पिछला अध्यक्ष का चुनाव हारने के बाद भाजपा इस बार किसी भी हाल में वापसी के मूड में है. वहीं पूर्व अध्यक्ष के हटने के बाद कांग्रेस के लिए अपना वर्चस्व कायम रखना साख का सवाल बन गया है. बहरहाल परिणाम कुछ भी हो लेकिन मुकाबला दिलचस्प होगा.

Last Updated : September 2, 2026 at 3:33 PM IST