मौत के आगे हारी मां की ममता, कुएं में छलांग लगाने के बाद भी नहीं बच सकी बच्ची
टीकमगढ़ में 4 साल की बच्ची को बचाने मां ने कुएं में लगाई छलांग. चीख पुकार सुनकर बच्ची और मां को ग्रामीणों ने निकाला बाहर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 18, 2025 at 8:06 PM IST
टीकमगढ़: कहते हैं अपने बच्चों के लिये मां-बाप किसी भी हद से गुजर जाते हैं, यहां तक कि अपनी जान की परवाह न करते हुए अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं. ऐसा ही एक हादसा टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना अंतर्गत बगौरा गांव से सामने आया है. यहां एक चार साल की मासूम खेत पर जाते समय अचानक पैर फिसलने से कुएं में जा गिरी और उसको बचाने के लिए उसकी मां ने कुएं में छलांग लगा दी.
मौत के आगे हार गई मां की ममता
बगौरा गांव की रहने वाली जयंती कुशवाहा अपनी बेटी कल्पना कुशवाहा के साथ अपने घर से खेत के लिए निकली थी. बच्ची कल्पना चिप्स खाते हुए चल रही थी वहीं पास में ही कुआं था और बच्ची की नजर उस पर नहीं पड़ी. इसी बीच बच्ची का पैर फिसला और बच्ची कुएं में सीधे जा गिरी. बच्ची के कुएं में गिरते ही मां ने चीख पुकार की लेकिन आसपास के लोग जब तक पहुंचे तब तक मां ने बच्ची को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी. काफी प्रयास करने के बावजूद वह अपनी बच्ची को नहीं बचा सकी और मौत के आगे एक मां की ममता हार गई.
चीख पुकार सुन मदद के लिए दौड़े लोग
बच्ची को बचाने जैसे ही उसकी मां चीखते हुए कुएं में कूदी तो आसपास काम कर रहे लोग भी चीख सुनते ही मदद के लिए मौके पर पहुंचे. लोगों ने मां बेटी दोनों को बचाने का प्रयास किया. इस बीच वहां पर मौजूद एक व्यक्ति रस्सी से सहारे कुएं में उतरा और मां बेटी को बाहर निकाला गया. इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा लाया गया.

- खाली कुएं से एक साथ आई बच्चे और कुत्ते के रोने की आवाज, झांकते ही निकल गई चीख
- मैहर में कुएं में तड़प रही थी महिला, बाहर आकर बताई खौफनाक आपबीती
- संकरे कुएं में गिरा बुजुर्ग, 35 फीट नीचे उतरा जवान, मौत के कुएं से खींच लाया जिंदगी
बच्ची को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जब तक बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया तब तक बच्ची ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों ने बच्ची का मेडिकल चेकअप करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां को इलाज के लिए भर्ती कर लिया है. जहां उसका उपचार जारी है. स्थानीय निवासी कैलाश प्रजापति ने बताया कि जंयती का पति मजदूरी और खेती किसानी करता है. कल्पना छोटी बेटी थी इससे एक बड़ा बेटा है. बच्ची को बचाने का प्रयास लोगों ने किया लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया है और पुलिस घटना की जांच कर रही है.

