टीकमगढ़ में दिनदहाड़े हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी, 15 दिन बाद पुजारी ने किया खुलासा
टीकमगढ़ के प्रसिद्ध मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में चोरी, दिनदहाड़े हनुमानजी का चांदी का मुकुट उतारकर ले गए चोर. 15 दिन बाद समिति को मिली सूचना.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 8:20 PM IST
टीकमगढ़: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. यहां अज्ञात चोर बजरंगबली के सिर से दिनदहाड़े चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गए. जिससे मंदिर समिति और नगरवासियों में काफी आक्रोश है. घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति ने बड़ागांव थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. चोरी की इस वारदात ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
15 दिन पहले हुई मुकुट की चोरी
जानकारी के अनुसार, मंदिर में चोरी की घटना 15 दिन पुरानी है. मंदिर के पुजारी हरिराम ने बताया, "बीते 8 फरवरी को हनुमान जी का मुकुट चोरी हुआ है. 8 फरवरी की दोपहर जब मैं भगवान को प्रसाद लगाने गर्भगृह में पहुंचा तो बजरंगबली के सिर से मुकुट गायब था. सुबह पूजा के दौरान मुकुट लगा हुआ था. मैंने समिति को इसलिए नहीं बताया था क्योंकि मैं अपने स्तर पर पता लगाने में जुटा हुआ था."
मंदिर समिति को समय पर नहीं मिली सूचना
मंदिर से मुकुट गायब होने के करीब 15 दिनों के बाद समिति को सूचना मिली. जिससे चोरी को लेकर लोगों के मन में संशय बना हुआ है. मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौरयाल ने बताया, "चोरी की घटना काफी हैरान करने वाली है, बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मंदिर से इस तरह दिनदहाड़े मुकुट गायब होना गंभीर विषय है. हमने घटना की सूचना मिलते ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है."

अज्ञात चोरों ने आस्था के 2 केंद्रों को बनाया निशाना
बड़ागांव थाना क्षेत्र में फरवरी महीने में चोरों ने आस्था के 2 केंद्रों को निशाना बनाया है. बदमाश दोनों ही मंदिरों में चांदी के आभूषण चुराकर फरार हो गए. बीते 4 फरवरी को ग्राम अंतौरा में देवी मंदिर से आभूषण चोरी हुए थे. जिसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है. वहीं अब टीकमगढ़ में प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में चांदी का मुकुट दिनदहाड़े चुराकर ले गए. जिसका वजन करीब 230 ग्राम है. लगातार मंदिर को निशाना बनाने को लेकर क्षेत्रवासियों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है.

- सीधी में रातों रात चोर उठा ले गए पूरा मंदिर, सुबह गड्ढा देख लोगों के होश हुए फाख्ता
- नए साल पर चोरों का संकल्प! साल भर अच्छी चोरी की कामना, मंदिर में डाला डाका
बड़ागांव थाना प्रभारी जयेंद्र गोयल ने बताया, "दिनदहाड़े हनुमान जी के मुकुट चोरी होने के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है. घटना 15 दिन पुरानी है और इसकी विधिवत जांच जारी है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा."


