ETV Bharat / state

कॉर्बेट के ढिकाला जोन में शिकार की मुद्रा में दिखी बाघिन, कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का ढिकाला जोन वन्यजीवों की बहुलता के लिए जाना जाता है. यहां जंगल सफारी सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है.

Corbett Dhikala Zone
ढिकाला जोन में बाघिन शिकार करती हुई दिखाई दी (Photo-Sanjay Chimwal)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 8, 2026 at 7:42 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के प्रसिद्ध ढिकाला पर्यटन जोन से एक रोमांचक वीडियो सामने आया है. जिसमें एक बाघिन अपने शिकार पर नजर गड़ाए, पूरी सतर्कता के साथ शिकार की मुद्रा में दिखाई दे रही है. यह वीडियो वन्यजीव प्रेमी और फोटोग्राफर संजय छिम्वाल द्वारा शूट किया गया है, जिन्होंने इस दुर्लभ दृश्य की विस्तृत जानकारी भी साझा की है.

संजय छिम्वाल ने बताया कि यह वीडियो ढिकाला जोन क्षेत्र का है, जहां एक बाघिन शिकार की तलाश में खुले मैदान में दिखाई दे रही है. वीडियो में साफ नजर आता है कि बाघिन बेहद सधे हुए कदमों के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि कुछ हिरण पास की झाड़ियों में छिपे हुए थे. बाघ और हिरण के बीच यह दूरी और स्थिति ही पूरे घटनाक्रम को और अधिक रोचक बनाती है.उन्होंने बताया कि बाघ एक एकाकी प्राणी होता है और उसकी शिकार करने की प्रणाली पूरी तरह रणनीति और धैर्य पर आधारित होती है. आमतौर पर बाघ के 100 शिकार प्रयासों में से केवल 10 ही सफल हो पाते हैं, जबकि लगभग 90 प्रयास असफल रहते हैं.

ढिकाला जोन की शिकारी का रोमांचक नजारा (Video-Sanjay Chimwal)

इसका मुख्य कारण यह है कि बाघ हिरण जैसे तेज दौड़ने वाले शिकार से सीधी दौड़ में मुकाबला नहीं कर सकता. संजय छिम्वाल के अनुसार, बाघ एक “एम्बुश हंटर” होता है, यानी वह अपने शिकार पर अचानक हमला करने की रणनीति अपनाता है. इसी वजह से वह स्टॉकिंग पोजीशन में रहता है और बेहद चुपचाप, सधे हुए कदमों से आगे बढ़ता है. इस वीडियो में भी बाघिन खुले स्थान पर थी, जबकि हिरण झाड़ियों में छिपे हुए थे. ऐसे में बाघिन को बेहद सटीक अंदाज में निशाना साधना पड़ता है.

उन्होंने बताया कि शिकार के दौरान कई कारक अहम भूमिका निभाते हैं, जिनमें हवा की दिशा सबसे महत्वपूर्ण होती है. यदि हवा का रुख गलत हो जाए तो हिरण बाघ की गंध सूंघ लेते हैं, भले ही वे उसे देख न पाएं. इस स्थिति में बाघ को शिकार की दिशा बदलनी पड़ती है.इसी वीडियो में भी ऐसा ही हुआ, जब हिरणों ने समय रहते बाघिन को भांप लिया और सतर्क हो गए. परिणामस्वरूप बाघिन का यह शिकार प्रयास असफल रहा. संजय छिम्वाल ने बताया कि यही कारण है कि बाघ हमेशा सरप्राइज अटैक पर निर्भर करता है, लेकिन हर बार सफलता मिलना संभव नहीं होता. यह वीडियो न केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए रोमांचक है, बल्कि बाघों के शिकार व्यवहार और प्राकृतिक रणनीति को समझने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण भी प्रस्तुत करता है.

पढ़ें-