बांधवगढ़ से लाई गई साढ़े तीन साल की बाघिन बनी मुकुंदरा की MT-10
बांधवगढ़ से कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में लाई बाघिन को एमटी 10 नाम दिया गया है.

Published : March 9, 2026 at 11:01 AM IST
|Updated : March 9, 2026 at 11:59 AM IST
कोटा : इंटर स्टेट टाइगर रीलोकेशन प्रोजेक्ट के तहत राजस्थान में दूसरी बाघिन मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लाई गई थी. बीते महीने 27 फरवरी को इसे 700 किलोमीटर दूर का सफर कर कोटा शिफ्ट किया गया था. जिसे टीम 28 फरवरी को लेकर कोटा पहुंची थी. इस साढ़े तीन साल की बाघिन को एमटी-10 नाम दिया गया है, जिसे पहले एक हेक्टेयर के एंक्लोजर में रिलीज किया गया था. जिसके बाद हार्ड रिलीज के लिए एंक्लोजर का गेट खोल दिया गया है और वह रविवार देर रात एंक्लोजर से बाहर निकल गई है. झामरा वैली के इलाके में विचरण कर रही है.
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के चीफ वाइल्ड लाइफ वॉर्डन और फील्ड डायरेक्टर सुगनाराम जाट का कहना है कि बाघिन को झामरा वैली स्थित एक हेक्टेयर के सॉफ्ट रिलीज एनक्लोजर में छोड़ा था. ताकि वह नए टाइगर रिजर्व के वातावरण के अनुकूल ढल जाए. इसकी मॉनीटरिंग की जा रही थी, इसमें सामने आया था कि उसने 28 फरवरी को ही शाम 6 बजे पानी पिया और देर रात एक से 2 बजे के बीच में एंक्लोजर में शिकार भी किया था.
इसे भी पढें: मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में लाया गया रणथंभौर से बाघ T-2408, सॉफ्ट एंक्लोजर में किया रिलीज
लगातार मॉनिटरिंग में टाइग्रेस का बिहेवियर बिल्कुल नॉर्मल था. एसएमएस नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के प्रोटोकॉल के अनुसार 7 मार्च शनिवार को शाम को झामरा सॉफ्ट रिलीज एंक्लोजर के गेट को खोल दिया गया, जिससे एमटी- 10 स्वच्छंद रूप से पूरे जंगल में विचरण कर सके. हालांकि गेट खुलने के 30 घंटे बाद 8 मार्च को टाइग्रेस MT-10 सॉफ्ट एंक्लोजर से बाहर निकली है. इसके बाद 24 घंटे उसकी टीम एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत निगरानी कर रही है. इसमें फॉरेस्ट ऑफिसर, मॉनिटरिंग कार्मिक, एक्सपर्ट वेटेनरी डॉक्टर व फील्ड बायोलॉजिस्ट भी हैं. ताकि उसके मूवमेंट व हेल्थ के साथ नए हैबिटेट में टाइग्रेस कैसा महसूस कर रही है.
मुकुंदरा के उप वन संरक्षक मुथु सोमासुंदरम का कहना है कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में अब बाघों की आबादी 7 हो गई है. इसमें 2 बाघ, 4 बाघिन व 1 शावक (मेल) शामिल हैं. इनमें से एक बाघिन रिवाइल्ड के फेज में है, जिसे 21 हेक्टेयर के एंक्लोजर में रखा गया है.
इसे भी पढ़ें: MHTR: एंक्लोजर से टाइगर T-2408 आजाद, रणथंभौर से आया बाघ अब मुकुंदरा में घूमेगा

