मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में लाया गया रणथंभौर से बाघ T-2408, सॉफ्ट एंक्लोजर में किया रिलीज
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में 4 वर्षीय एक बाघ को ट्रेंकुलाइज किया गया है. एनटीसीए प्रोटोकॉल के साथ मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में रिलीज किया गया.

Published : January 9, 2026 at 12:59 PM IST
कोटा: मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व (MHTR) में टाइगर की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार वन्य जीव विभाग प्रयास कर रहा है. नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) से टाइगर लाने की अनुमति मिल गई थी. यह बाघ रणथंभौर टाइगर रिजर्व (RTR) से मुकुंदरा में शिफ्ट किया जाना था, जिसके लिए लंबे समय से प्रयास दोनों रिजर्व की टीम कर रही थी.
इस क्रम में शुक्रवार को अभियान में सफलता मिली है, जिसके तहत रणथंभौर टाइगर रिजर्व में शुक्रवार को 4 वर्षीय एक बाघ को ट्रेंकुलाइज किया गया है, जिसके स्वास्थ्य जांच की जा रही है. इस प्रक्रिया को एनटीसीए प्रोटोकॉल के साथ मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में रिलीज किया जाएगा, जहां पर पहले इसकी सॉफ्ट रिलीज होगी. बाद में समय निकलने और अनुमति के अनुसार हार्ड रिलीज कर दी जाए.
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के उपवन संरक्षक मुथु सोमासुंदरम का कहना है कि एनटीसीए की अनुमति मिलने के बाद पूरे प्रोटोकॉल से टीम बनाकर रणथंभौर के जंगल में तलाश की जा रही थी. ऐसे में लाहपुर रेंज में टाइगर की 2408 को चिन्हित किया गया. उसकी टेरिटरी से ही शुक्रवार सुबह जल्दी तलाश शुरू की गई, जिसके बाद सुबह ट्रेंकुलाइज किया गया है. साथ ही उसे रेडियो कॉलर भी पहना दिया गया है. इस ट्रेंकुलाइज प्रक्रिया के बाद उसे कोटा लाने की तैयारी की जा रही है.
पढ़ें : कान्हा या बांधवगढ़ से आएगी MHTR में बाघिन, शुरू होगा इंटर स्टेट ट्रांसलोकेशन का दूसरा चरण
इसके बाद सड़क मार्ग के जरिए कोटा लाया जाएगा, जिसमें रणथंबोर और मुकुंदरा की टीम के साथ वेटरनरी डॉक्टर भी रहेंगे. पहले टाइगर को छोटे एंक्लोजर में सॉफ्ट रिलीज किया जाएगा. बाद में इसे हार्ड रिलीज भी कर दिया जाएगा. टाइगर को लाने वाले काफिले में भारी सुरक्षा रखी गई है. इसमें पुलिस की मदद भी ली जा रही है. इसके अलावा फॉरेस्ट गार्ड भी टीम में साथ रहेंगे.
वर्तमान में पांच बाघ हैं मुकुंदरा में : मुथु सोमासुंदरम का कहना है कि रणथंभौर नेशनल पार्क में ही टाइगर टी-2408 साल 2022 में जन्मा था. यह टाइगर टी-93 और टी-96 का बेटा है, जिसे कोटा शिफ्ट करने के बाद यहां पर 6 टाइगर हो जाएंगे. कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में पहले से बाघ व बाघिन की संख्या पांच है. एमएचटीआर के डीसीएफ मुथु सोमासुंदरम का कहना है कि रिजर्व में पहले से मौजूद पांच बाघ बाघिनों में दो टाइग्रेस, एक टाइगर, एक शावक व सब एडल्ट फीमेल हैं.
मुकुंदरा में किया सॉफ्ट रिलीज : डीसीएफ मुथु सोमासुंदरम ने बताया कि टाइगर टी-2408 को सड़क मार्ग से कोटा ले आए हैं. जिसके बाद सॉफ्ट एंक्लोजर में रिलीज किया है. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि अभी मध्यप्रदेश से बाघिन भी लाई जानी है. बिरला ने सोशल मीडिया पर मुकुंदरा में छोड़ने का वीडियो भी जारी किया है.

