ETV Bharat / state

खेत गई महिला को नरभक्षी बाघ ने दबोचा, अधखाई लाश बरामद

बाघ के हमले की शिकार महिला का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत में मिला है. इस हादसे के बात गांव वालों में गुस्सा हैं.

TIGER KILLED WOMEN
लखीमुर में चारा लाने खेत गई महिला को नरभक्षी बाघ ने दबोचा. (फोटो: ETV Bharat / IANS (File))
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 1:45 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखीमपुर खीरी: यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन क्षेत्र में बाघ के हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया है. उत्तर निघासन वन रेंज के अंतर्गत भिड़ौरी ग्राम पंचायत के महराज नगर गांव के पास गन्ने के खेत में चारा लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया.

महिला को खेत के अंदर खींचकर ले जाने के बाद बाघ ने उसे मौत के घाट उतार दिया. आज रविवार को सुबह महिला का आधा खाया शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है.

लखीमुर में चारा लाने खेत गई महिला को नरभक्षी बाघ ने दबोचा. (ETV Bharat)

घटना बीते शनिवार की देर शाम की है. जहां महराज नगर गांव निवासी ऊषा देवी (35) पत्नी पवन कुमार अपनी पड़ोसन गूंधनी देवी पत्नी छैल बिहारी के साथ मवेशियों के लिए चारा काटने गन्ने के खेत के पास गई थीं.

वहीं खेत में पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक ऊषा देवी पर हमला कर दिया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बाघ उन्हें अपने मुंह में दबोच कर खेत के अंदर खींच ले गया.

घटना को अपनी आंखों से देख चुकी गूंधनी देवी डर के मारे बदहवास हो गईं. कुछ देर बाद चीखती-चिल्लाती हुई वो वहां से भागीं, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं.

आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को जब घटना की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया. देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और महिला की तलाश शुरू कर दी.

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम उत्तर निघासन वन रेंज से मौके पर पहुंची. अंधेरा होने के कारण रात में ड्रोन कैमरे की मदद से गन्ने के खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका. पूरी रात गांव में दहशत का माहौल रहा और लोग जागकर पहरा देते रहे.

आज रविवार सुबह दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया. घटना की जगह से कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत के अंदर महिला का अधखाया शव बरामद हुआ. शव को देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में लगातार बाघ की मौजूदगी के बावजूद ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाया. परिजनों ने भी अपना दुख-दर्द बयां किया है.

इस घटना के बाद महराज नगर सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है. ग्रामीण बाघ को जल्द पकड़ने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया है कि पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहाकि इलाके में बाघ की गतिविधियों को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है और पिंजरा लगाने सहित अन्य सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा रहा है. साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और विशेष सतर्कता बरतें.

ये भी पढ़ें - पीलीभीत में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर बाघ का हमला, जंगल में मिला अधखाया शरीर