ETV Bharat / state

हल्द्वानी: घास लेने गई महिला को बाघ ने मारा, 3KM दूर मिला शव, दो महिलाओं की बाल-बाल बची जान

अपनी बहू और अन्य महिला के साथ घास लेने गई महिला को बाघ ने बनाया निवाला, घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला शव

NAINITAL TIGER ATTACK
बाघ के हमले में मौत पर मातम (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 12, 2026 at 5:23 PM IST

|

Updated : February 12, 2026 at 5:39 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रेंज स्थित लामाचौड़ में जंगल किनारे घास काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया. फिर उसे जंगल में खींच ले गया. घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन समेत वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग कर करीब तीन घंटे बाद महिला का शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर की दूरी पर जंगल से बरामद किया. वहीं, महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

अपनी बहू और अन्य महिला के साथ घास लेने गई थी महिला: रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज के जंगल में घास लेने गई महिला गंगा देवी पर बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया. हालांकि, इस दौरान महिला के साथ घास लेने गई उसकी बहू और अन्य महिला ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाघ महिला को घसीट कर अपने साथ तीन किलोमीटर दूर जंगल ले गया.

घास लेने गई महिला को बाघ ने मार डाला (फोटो सोर्स- Forest Department/ETV Bharat)

घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर जंगल में मिला शव: उधर, सूचना पर पुलिस प्रशासन, वन विभाग समेत स्थानीय लोगों ने जंगल में महिला को तलाश करने के लिए कॉम्बिंग अभियान चलाया. करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम को महिला का क्षत विक्षत शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर बीच जंगल में मिला.

बाघ का निवाला बनी महिला का नाम गंगा देवी था, जो अपनी बहू और एक अन्य महिला के साथ घास लेने के लिए जंगल किनारे गई हुई थी. घास काटने जंगल गई तीन महिलाओं में से एक महिला गंगा देवी पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था.

NAINITAL TIGER ATTACK
जंगल में कॉम्बिंग (फोटो सोर्स- Forest Department Team)

"हम तीन लोग सुबह के समय जंगल किनारे घास काट रहे थे. तभी बाघ अचानक से गंगा देवी पर झपट पड़ा. इस दौरान हमने बाघ को भगाने का प्रयास किया. साथ ही शोर मचाया, लेकिन वो गंगा देवी को खींच कर जंगल की ओर ले गया. जिसके बाद हमने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी."
- हेमा देवी, प्रत्यक्षदर्शी -

बाघ के हमले के बाद बहू और एक अन्य महिलाओं ने दिखाया साहस: जब बाघ ने गंगा देवी पर हमला किया तो बहू पुष्पा और एक अन्य महिला हेमा ने साहस दिखाया. हमले के बाद शोर मचाने के बाद बाघ कुछ पीछे हट गया था. जिसके बाद उन्होंने गंगा देवी को खींच कर कुछ नीचे भी लाए.

NAINITAL TIGER ATTACK
महिला की मौत के बाद सदमे में परिजन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

इस दौरान गंगा देवी ने दम तोड़ दिया. जिसके बाद वो उसे पत्तों से ढक कर नीचे गांव वालों को सूचना देने के लिए गए तो इस दौरान बाघ उसे घसीट कर जंगल की ओर ले गया. इस घटना के बाद दोनों लोग सदम में हैं. दोनों काफी घबराए हुए हैं.

"बाघ ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया है. क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है. वन्यजीव को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं. लोगों से अपील की जा रही है कि वो जंगल की ओर न जाएं."
- प्रदीप कुमार असगोला, रेंजर, फतेहपुर रेंज -

वहीं, नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ कॉम्बिंग कर शव बरामद कर लिया है. इसके बाद पोस्टमार्टम से लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

"आज सुबह जंगल किनारे घास लेने गई एक महिला पर वन्यजीव ने हमला किया था. सूचना पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग के साथ कॉम्बिंग कर शव बरामद कर लिया गया है. अब मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है."
- मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल -

ये भी पढ़ें-

Last Updated : February 12, 2026 at 5:39 PM IST