निकाय चुनाव 2026: बागियों को मनाने के लिए डोटासरा ने संभाली कमान, गहलोत-पायलट समेत बड़े नेता जुटे
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पहले बागियों को मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं. यदि नहीं माने तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Published : September 2, 2026 at 6:00 PM IST
जयपुर: प्रदेश के 309 नगरीय निकायों के 10 हजार से ज्यादा वार्डों में हो रहे चुनाव में टिकट वितरण के बाद भाजपा-कांग्रेस में सियासी भूचाल आया है. टिकट नहीं मिलने से नाराज दोनों दलों के बागियों ने बगावत कर मैदान में ताल ठोक दी. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस में प्रदेश भर में 3000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ बिगुल बजाते हुए निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है. अब उन्हें मनाने की कवायद शुरू हो गई है. नाम वापसी का कल अंतिम दिन है. बागियों को मनाने के लिए तमाम नेता जी-जान से जुटे हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बागियों को मनाने के लिए खुद कमान संभाली है. वे असंतुष्ट कार्यकर्ताओं और बागी नेताओं से बात कर उन्हें समझा रहे हैं. विधायक, सांसद, पूर्व मंत्रियों, प्रदेश नेताओं के साथ जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भंवर जितेंद्र सिंह, हरीश चौधरी जैसे नेता भी बागियों को मनाने में जुटे हैं और लगातार बातचीत कर रहे हैं. नेताओं का दावा है कि नाम वापसी से पहले अधिकांश बागियों को मना लिया जाएगा. जयपुर नगर निगम में भी बागियों ने पार्टी की नींद उड़ा रखी है. टिकट वितरण से नाराज 100 से ज्यादा बागी निर्दलीय के रूप में मैदान में हैं. कई तो दो-तीन बार पार्टी सिंबल पर पार्षद रह चुके हैं.
पूर्व मंत्री की पौत्री भी बागी के तौर पर मैदान में: आदर्श नगर विधानसभा के वार्ड 126 में पूर्व मंत्री तकीउद्दीन अहमद की पौत्री अनुषा कलीम ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है. तीन बार पार्षद रही राबिया गुडएज ने वार्ड 117 से, दो बार पार्षद रहे शफीक कुरैशी ने वार्ड 119 से निर्दलीय ताल ठोकी है. वार्ड 136 में निवर्तमान डिप्टी मेयर असलम फारूकी की पत्नी निर्दलीय मैदान में हैं. वार्ड 147 में पूर्व पार्षद जाहिर निरबाण और वाहिद खान, वार्ड 19 में पूर्व पार्षद लियाकत चुगनी, जाकिर खान, नसरीन बानो और शमा शेख बागी के तौर पर हैं. प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव विक्रम वाल्मीकि वार्ड 50 से और दो बार जीत चुकी रोशन रज्जाक भाटी वार्ड 146 से निर्दलीय लड़ रही हैं.
कल दोपहर 3 बजे तक अंतिम प्रयास: बागियों को मनाने के लिए कल दोपहर 3 बजे तक अंतिम प्रयास किया जा रहा है. जयपुर कांग्रेस का दावा है कि अधिकांश मान जाएंगे. अनुशासन समिति अध्यक्ष और विधायक अमीन कागजी का कहना है कि बागियों से लगातार बात हो रही है, थोड़ी नाराजगी है, मिल बैठकर दूर कर लेंगे.
समर्थक नेताओं से कराई जा रही मनुहार: कांग्रेस के प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी का कहना है कि सभी जिलों में पूरी कोशिश हो रही है. बागियों को उनके समर्थक नेताओं से ही फोन करवाकर मनाया जा रहा है. नेताओं का कहना है कि हर संभव प्रयास हो रहा है. संगठन में एडजस्ट करने और ढाई साल बाद कांग्रेस सरकार बनने पर राजनीतिक नियुक्तियों में एडजस्ट करने का आश्वासन दिया जा रहा है.

नहीं माने तो कड़ी कार्रवाई: वॉर रूम इंचार्ज जसवंत गुर्जर का कहना था कि तमाम प्रयास हो रहे हैं, प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सभी नेता बात कर रहे हैं. नाराजगी स्वाभाविक है, लेकिन सब कार्यकर्ता हैं. इसके बावजूद बागी नहीं माने और मैदान में डटे रहे तो कड़ी कार्रवाई कर 6 साल के लिए निष्कासित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: टिकटों को लेकर माथापच्ची : टकराव से बढ़ी भाजपा की चिंता, बीकानेर से फिर शुरू होगी बैठक
कांग्रेस विधायक ने भाजपा और बाप पर साधा निशाना: कांग्रेस जिलाध्यक्ष और डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने पत्रकार वार्ता में भाजपा और बाप पार्टी पर निशाना साधा. घोगरा ने कहा कि क्षेत्र का विकास कांग्रेस ही कर सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में बीएपी के पार्षदों को जनता ने जिताकर भेजा, लेकिन जीतने के बाद वे अपने वार्डों में नजर नहीं आए और विकास कार्य भी नहीं कराए. वहीं 35 साल तक नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड रहा, लेकिन उसने शहर को बर्बाद कर दिया. सागवाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निर्दलीय नामांकन भरने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर लगातार बातचीत चल रही है. पार्टी एक परिवार की तरह है और टिकट किसी एक व्यक्ति को ही दिया जा सकता है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही बातचीत के जरिए निर्दलीय नामांकन वापस करा लिए जाएंगे.

चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 34 से कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से दी गई आपत्ति को खारिज करने के विरोध में कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया. पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह जाडावत ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ उन्होंने जो तथ्य पेश किए हैं, यदि वे गलत हैं तो हमारे खिलाफ कार्रवाई की जाए, वरना रिटर्निंग अधिकारी खिलाफ राज्य सरकार को लिखा जाए. इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर से भी भेंट की और उपखंड निर्वाचन अधिकारी के साथ एक और अधिकारी लगाने की भी मांग की है. इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री जाडावत के अलावा शहर अध्यक्ष अनिल सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष विक्रम जाट, महेंद्र शर्मा रणजीत लोठ सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल रहे.

