यूपी में आंधी-बारिश से मिली गर्मी से राहत; अलीगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी, आगरा में मौसम ने ली करवट
अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 29, 2026 at 11:10 PM IST
अलीगढ़/आगरा : यूपी के कई जिलों में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज आंधी और जोरदार बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली. गुरुवार शाम के समय अचानक आसमान में काले बादल छा गए. इसके बाद तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आंधी ने जोर पकड़ लिया. कई इलाकों में धूल भरी हवाओं के कारण लोगों को कुछ देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा.
सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. विभाग ने अलीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.
पिछले कई दिनों से अलीगढ़ का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच रहा था. गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था. बारिश के बाद लोगों ने राहत महसूस की.
आगरा में शाम पांच बजे अचानक मौसम में बदलाव : जिले में शुक्रवार को मौसम के कई रंग देखने को मिले. शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाने से मौसम सुहावना हो गया. मगर, दोपहर तक धूप ने लोगों को पसीना पसीना किया. शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम में बदलाव हुआ.
आसमान में काले काले बादल छा गए. तेज हवाएं चलीं. इसके बाद साढे छह बजे के बाद तेज तूफान ने आगरा में दस्तक दी. आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया. आंधी की वजह से जिले में शहर और देहात में कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.
तेज आंधी से जगह जगह पेड़ों की शाखाएं टूट गईं तो होर्डिंग उड गए. आंधी संग आई बारिश से आगरा का एकदम गिर गया. शहर में अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहा है. भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा है. अगले कुछ दिन ऐसे ही गरज-चमक संग बूंदाबांदी और बारिश का पूर्वानुमान है.
यह भी पढ़ें : भारत में इस साल सबसे कमजोर मानसून का अनुमान, 'अल नीनो' बढ़ाएगा देश की मुसीबत

