ETV Bharat / state

बिहार में दर्दनाक हादसा, शादी की खुशियों में मातम.. दोस्त के तिलक में जा रहे तीन युवकों की मौत

नवादा में तिलक समारोह में जा रहे तीन युवकों की बाइक बिजली पोल से टकरा गई. तीनों की मौके पर मौत हो गई. पढ़ें खबर-

Nawada accident
नवादा में युवकों की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 22, 2026 at 12:31 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नवादा: बिहार के नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने तीन युवकों की मौत हो गई है. गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवला गांव के तीन युवक अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने अकबरपुर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई. हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

कैसे हुआ हादसा?: प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बाइक पर सवार थे और तेज रफ्तार से जा रहे थे. कटघारा गांव के पास तरवा आहर के पास एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रफ्तार के कारण बाइक का नियंत्रण खो गया था.

नवादा में युवकों की मौत (ETV Bharat)

मृतकों की हुई पहचान: मृतकों की पहचान प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार (पिता- विजय चौधरी), इंद्रन मांझी (पिता- राजेश मांझी) और सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी (पिता- सुनील चौधरी) के रूप में हुई है. सभी युवक रिवला गांव के निवासी थे और उम्र लगभग 20-23 वर्ष के बीच बताई जा रही है.

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस: घटना की जानकारी ग्रामीण समाजसेवी दीपक कुमार ने सीतामढ़ी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, जिसमें रफ्तार और अन्य कारकों की पड़ताल की जा रही है.

"सीतामढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी थी. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है."- दीपक कुमार, ग्रामीण समाजसेवी

शादी की खुशियां मातम में बदली: हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है. जहां एक ओर दोस्त के तिलक समारोह की तैयारियां चल रही थी, वहीं दूसरी ओर यह दुखद घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया. गांव में शोक की लहर है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं. एक युवक की पत्नी के गर्भवती होने की भी बात सामने आई है, जिससे परिवार की पीड़ा और बढ़ गई है.

लगातार हो रहे हादसे: बिहार में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसे आम हो गए हैं. यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी को उजागर करती है. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर सतर्क रहें.

ये भी पढ़ें-

आग की लपटों से बची 50 मासूमों की जान!, एजुकेशनल टूर पर जा रही स्कूल बस धू-धूकर जली

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस और ट्रक की टक्कर, दो शिक्षकों की मौत.. कई छात्र घायल