यूपी में सड़क हादसे; अमेठी और मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से तीन युवकों ने दम तोड़ा, गोरखपुर में कार ने दो युवकों को रौंदा, मौत
अमेठी, गोरखपुर और मिर्जापुर में हुये सड़क हादसों में करीब सात लोग घायल हो गये.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 11:11 PM IST
अमेठी/गोरखपुर/मिर्जापुर : यूपी में मंगलवार को अलग-अलग जिलों में सड़क हादसे हो गये. अमेठी कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं गोरखपुर में अनियंत्रित कार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा मिर्जापुर के विन्ध्याचल थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये.
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, जिले के अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बाईपास स्थित एक होटल के पास मंगलवार को देर शाम करीब 9 बजे सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया. सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले गई, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज जारी है. मृतकों की पहचान दिग्विजय सिंह (50) और मोनू यादव (28) निवासी कटरा फूल कुंवरी के रूप में हुई है. घायल व्यक्ति की पहचान शिव नाथ के रूप में हुई है.
प्रभारी निरीक्षक अमेठी रवि सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है. ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
गोरखपुर में अनियंत्रित कार ने पांच लोगों को रौंदा, 2 की मौत : गोरखपुर के रामपुर चौराहे पर अनियंत्रित कार की चपेट में आने से मंगलवार की रात दो लोगों की मौत हो गई. हादसे में करीब चार लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह घटना एम्स थाना क्षेत्र में रात करीब 9:00 बजे की बताई जा रही है. इस संबंध में सीओ कैंट योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया है कि हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. हादसे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया है. मौके पर पहुंची पुलिस टीम जांच पड़ताल कर रही है. घायलों और मृतकों की पहचान की जा रही है.
मिर्जापुर में ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत, दो घायल : जनपद के विन्ध्याचल थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के मुताबिक, विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के रहने वाले कोमल, रामजी और करन एक बाइक से विन्ध्याचल से घर लौट रहे थे. रास्ते में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे करन की मौके पर ही मौत हो गई और कोमल व राम जी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई लाया गया, जहां डॉक्टर ने हालात गम्भीर देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया है. विंध्याचल थाना प्रभारी अवनीश राय ने बताया ट्रक और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है, दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. ट्रक को बरामद कर लिया गया है. चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच की जा रही है.

