'15 गोल्ड, 2 डायमंड के आइटम, लाखों रुपये नकद', बिहार के शातिर चोर शादी-रिसेप्शन को बनाते थे निशाना
रिसेप्शन से ज्वेलरी चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार हो गया है. 3 आरोपी दबोचे गए हैं, जिनसे लगातार पूछताछ जारी है. पढ़ें खबर


Published : June 29, 2026 at 4:38 PM IST
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस का एक्शन देखने को मिला है. नगर थाना क्षेत्र स्थित मुजफ्फरपुर क्लब में हुए चर्चित ज्वेलरी चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, 15 सोने के आइटम, 2 डायमंड के आइटम और 2 चांदी के आइटम समेत कई बहुमूल्य जेवरात बरामद किए गए हैं.
शादी-रिसेप्शन पर रहती थी चोरों की नजर : सिटी एसपी मोहीबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 22 जून की रात मुजफ्फरपुर क्लब में एक रिसेप्शन समारोह के दौरान चोरों ने बैग में रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था. पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या 354/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया.
तीन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी : जांच के दौरान टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की. इसी क्रम में पुलिस ने राजेश कुमार साह को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर अमित कुमार और गोपाल साह को भी गिरफ्तार किया गया.
''गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार साह और अमित कुमार बेलसंड थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि गोपाल साह रुन्नीसैदपुर, सीतामढ़ी का निवासी है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों मिलकर शादी समारोहों में घुसते थे और मौका मिलते ही बैग, जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे.''- मोहीबुल्लाह अंसारी, सिटी एसपी, मुजफ्फरपुर
पहले भी दे चुके वारदाता को अंजाम : पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. राजेश कुमार साह पर परसौनी थाना में हत्या (302) का मामला दर्ज है, जबकि डुमरा थाना में कांड संख्या 62/16 भी दर्ज है. आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 21 जून को अयोध्यापुर में एक शादी समारोह में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें कांड संख्या 1093/26 दर्ज है.

''गिरोह चोरी किए गए जेवरों को स्थानीय बाजार में बेच देता था. अभी तक 40 लाख के गहने की बरामदगी हो चुकी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान किन-किन लोगों के जरिए ठिकाने लगाया जाता था. मामले में आगे की जांच जारी है.''- मोहीबुल्लाह अंसारी, सिटी एसपी, मुजफ्फरपुर
ये भी पढ़ें :-
बिहार में रिसेप्शन समारोह में 50 लाख की चोरी, फोटो खिंचवाने के बहाने बदमाशों ने उड़ाया बैग

